टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ग्रुप स्टेज अपने अंतिम मोड़ पर पहुंच चुका है। वहीं सुपर 8 की सभी टीमें भी पक्की हो चुकी हैं। अंतिम 8 राउंड के लिए दो ग्रुप भी तैयार हो चुके हैं और इस राउंड का पूरा शेड्यूल भी तैयार हो गया है। अब इसी बीच एक खास संयोग सामने आ रहा है जो ऑस्ट्रेलिया के ग्रुप स्टेज से बाहर होने और पाकिस्तान के विश्व चैंपियन बनने से जुड़ा है।
दरअसल यह संयोग आज से नहीं पिछले 34 साल से चला आ रहा है। यह संयोग कुछ ऐसा है कि जब-जब आईसीसी टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया ग्रुप स्टेज से बाहर होता है। तब-तब पाकिस्तान की टीम ही उस आईसीसी टूर्नामेंट में विश्व चैंपियन बनी है। ऐसा एक-एक बार वनडे वर्ल्ड कप, टी20 वर्ल्ड कप और चैंपियंस ट्रॉफी में हो चुका है। तो क्या हम कह सकते हैं कि ऑस्ट्रेलिया की विदाई में ही पाकिस्तान की जीत का मंत्र टिका है?
जानते हैं वे तीन मौके जब पाकिस्तान विश्व चैंपियन बना और ऑस्ट्रेलिया उस टूर्नामेंट से ग्रुप स्टेज में बाहर हो गया था:-
- 1992 विश्व कप: पाकिस्तान ने अपना पहला आईसीसी टूर्नामेंट 1992 वर्ल्ड कप के रूप में जीता था। इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान के कप्तान इमरान खान थे। खास बात यह है कि उस टूर्नामेंट में भी ऑस्ट्रेलियाई टीम ग्रुप स्टेज से बाहर हो गई थी।
- 2009 टी20 विश्व कप: पाकिस्तान टीम ने एकमात्र यह टी20 वर्ल्ड कप युनुस खान की कप्तानी में जीता था। उस टूर्नामेंट में भी ऑस्ट्रेलियाई टीम ग्रुप स्टेज में पहले राउंड से बाहर हो गई थी।
- 2017 चैंपियंस ट्रॉफी: पाकिस्तान की टीम ने 2017 चैंपियंस ट्रॉफी में फाइनल मुकाबले में भारत को हराते हुए खिताब अपने नाम किया था। सरफराज अहमद की कप्तानी में पाकिस्तान ने यह खिताब जीता था। ऑस्ट्रेलियाई इसमें भी पहले राउंड से बाहर हो गई थी।
पाकिस्तान की सुपर 8 की राह मुश्किल
पाकिस्तान की टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप स्टेज में चार में से तीन मुकाबले जीते। भारत के खिलाफ पाकिस्तानी टीम को 61 रन से करारी शिकस्त झेलनी पड़ी। जैसे-तैसे 3 मैच जीतते हुए पाकिस्तानी टीम सुपर 8 में पहुंची। ग्रुप 2 में पाकिस्तान को सुपर 8 के लिए जगह मिली। अब इस ग्रुप में न्यूजीलैंड, इंग्लैंड और श्रीलंका मौजूद हैं। पाकिस्तान के लिए आगे की राह आसान नहीं होगी।
अगर पाकिस्तान को चैंपियन बनना है तो अगले पांच मुकाबले जीतने होंगे। जिसमें से तीन मैच सुपर 8 के फिर सेमीफाइनल और पांचवां मैच फाइनल होगा। पाकिस्तान सुपर 8 में पहला मुकाबला 21 फरवरी को न्यूजीलैंड के खिलाफ, दूसरा 24 फरवरी को इंग्लैंड के खिलाफ और तीसरा 28 फरवरी को श्रीलंका के खिलाफ खेलेगा।
यह भी पढ़ें- हरमनप्रीत कौर बनीं सबसे ज्यादा इंटरनेशनल मैच खेलने वाली महिला क्रिकेटर, लिस्ट में मिताली राज चौथे नंबर पर
यह भी पढ़ें- कर्नाटक 11 साल बाद रणजी फाइनल में पहुंचा, उत्तराखंड का सपना टूटा; केएल राहुल ने बनाए 227 रन
