टी20 वर्ल्ड कप 2026 में रविवार (15 फरवरी) को भारत-पाकिस्तान मैच का मजा बारिश के कारण किरकिरा हो सकता है। मौसम विभाग ने कोलंबो में बारिश की चेतावनी जारी की है। 14 फरवरी को बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्व में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है और 15-16 फरवरी तक यह तूफान में बदल सकता है। श्रीलंका में 16 से 19 फरवरी के बीच भारी बारिश होने की संभावना है। इससे बाढ़ आ सकती है। बारिश के भारत-पाकिस्तान मैच भी प्रभावित हो सकता है।

स्काईमेट के अनुसार भारत-पाकिस्तान मैच के दिन 15 फरवरी को कोलंबो में बारिश हो सकती है। तूफान के कारण बारिश मैच में खलल डाल सकती है। श्रीलंका के दक्षिणी तट पर मौजूदयाला, मतारा, हंबनटोटा, तंगल्ला और गाले में बारिश की संभावना ज्यादा है। पश्चिमी तट पर थोड़ी ऊंचाई पर मौजूद कोलंबो में भी बारिश की संभावना है।

पाकिस्तान के खिलाफ भारत का रिकॉर्ड शानदार

टी20 में पाकिस्तान के खिलाफ भारत का रिकॉर्ड शानदार है। पाकिस्तान सिर्फ तीन मैच जीता है और भारत 13 मैच जीता है। पिछले पांच मैचों में भारत को जीत मिली है। 2025 में तीन बार दोनों टीमों की भिड़ंत हुई। तीनों मैच में भारत को जीत मिली। सितंबर में एशिया कप 2025 के बाद दोनों टीमें पहली बार आमने-सामने होंगी।

काफी ड्रामे के बाद होने वाला है भारत-पाकिस्तान मैच

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत-पाकिस्तान का मुकाबला काफी ड्रामे के बाद होने वाला है। बांग्लादेश को टी20 वर्ल्ड कप से बाहर किए जाने के बाद विरोध में पाकिस्तान ने भारत से खेलने से मना कर दिया था। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के साथ बैठक के बाद वह टूर्नामेंट में भारत के खिलाफ खेलने के लिए तैयार हुआ।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत-पाकिस्तान का प्रदर्शन

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप ए में भारत-पाकिस्तान ने दो-दो मैच खेले हैं। दोनों में भारत और पाकिस्तान को जीत मिली है। भारत को अमेरिका और नामीबिया के खिलाफ जीत मिली। पाकिस्तान को नीदरलैंड्स और अमेरिका के खिलाफ जीत मिली।

यह भी पढ़ें: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में बड़ा उलटफेर: जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को 19 साल बाद हराया, रेनशॉ की जुझारू पारी बेकार