भारत को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 में गुरुवार (26 फरवरी) को करो या मरो के मैच में जिम्बाब्वे से सामना होगा। भारतीय टीम को नेट रनरेट सुधारने और सेमीफाइनल की उम्मीदों को जिंदा रखने के लिए बड़ी जीत की जरूरत होगी। टूर्नामेंट से पहले बेहतरीन बल्लेबाजी करने वाले भारतीय बल्लेबाजों ने ऑफ स्पिन के खिलाफ संघर्ष किया है। खासकर बाएं हाथ के बल्लेबाजों ने। ऐसे में इस महत्वपूर्ण मैच में जिम्बाब्वे के कप्तान सिंकदर रजा खतरा हो सकते हैं।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ऑफिशियल बॉडकास्टर जियोहॉटस्टार पर भारत के पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने सिकंदर रजा की ऑफ स्पिन की चुनौती से निपटने की सलाह दी। चोपड़ा ने बताया कि कैसे ऑफ-स्पिनर भारत के लिए सबसे बड़ा सिरदर्द बन गए हैं। उन्होंने कहा,’ऑफ-स्पिनर ने भारतीय ओपनर्स थोड़ी छोटी, वाइड और अंदर की तरफ गेंद फेंकी है। वे बल्लेबाजों को जगह नहीं दे रहे । नीदरलैंड्स, साउथ अफ्रीका और पाकिस्तान के खिलाफ यह देखने को मिला। चाहे आर्यन दत्त हों, सलमान अली आगा हों या एडेन मार्करम सभी ने भारतीय बैटर्स खासकर बाएं हाथ के बल्लेबाजों खिलाफ एक ही प्लान फॉलो किया।’
ऑफ स्पिनर ने भारत को किया परेशान
आकाश चोपड़ा ने कहा, ‘ इस वर्ल्ड कप में भारत से ज्यादा किसी टीम ने फिंगर स्पिनर्स खासकर ऑफ स्पिनर के खिलाफ इतने विकेट नहीं गंवाए हैं। ऑफ स्पिनर को आमतौर पर खेलने के लिए आसान माना जाता है, लेकिन इस टूर्नामेंट में भारत की लिहाज से यह दिक्कत का विषय रहा है।’ सिकंदर रजा ने 2025 की शुरुआत से 6.76 की इकॉनमी से 24 विकेट झटके हैं।
सिकंदर रजा तेज गेंदबाजी करेंगे
सिकंदर रजा का तोड़ बताते हुए आकाश चोपड़ा ने कहा, ‘सिकंदर रजा तेज गेंदबाजी करेंगे और बाएं हाथ के बल्लेबाज को फॉलो करेंगे। वह गेंद को स्टंप्स के आस-पास रखेंगे। वह मार्कराम की तरह धीमी गेंद नहीं करेंगे। यह उनका प्लान नहीं है। उन्हें गति में ज्यादा बदलाव करने की भी जरूरत नहीं है। भारत के पास इशान किशन और अभिषेक शर्मा के रूप में दो बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं जो पारी की शुरुआत करेंगे।’
सूर्यकुमार यादव को नंबर तीन पर आना चाहिए
आकाश चोपड़ा ने कहा, ‘रजा का मुकाबला करने के लिए सूर्यकुमार यादव को नंबर तीन पर आना चाहिए। वह कप्तान हैं और उन्हें आगे से नेतृत्व करना चाहिए। अगर तिलक वर्मा नंबर तीन पर आते हैं तो भारत के पास पहला विकेट गिरने के बाद दो बाएं हाथ के बल्लेबाज एक साथ बैटिंग करेंगे और इससे उनकी मुश्किलें और बढ़ेंगी। सूर्या के नंबर तीन पर आने से लेफ्ट-राइट कॉम्बिनेशन बनेगा। यह जिम्बाब्वे के गेंदबाज को परेशान कर सकता है। सूर्या अपना चौथा टी20 वर्ल्ड कप खेल रहे हैं। वह फॉर्म में हैं, उन्हें चार्ज लेने और फ्रंट से टीम को लीड करने की जरूरत है।’
यह भी पढ़ें: WI vs SA: होल्डर-शेफर्ड बीच 89 रनों साझेदारी, 83 पर 7 विकेट गिरने के बाद 176 तक पहुंचा वेस्टइंडीज
