टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम शनिवार (7 फरवरी) को अपने अभियान की शुरुआत अमेरिका के खिलाफ करेगी। इस मैच से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह बीमार हैं और इस मैच में नहीं खेलेंगे। वाशिंगटन सुंदर पहले से अनुप्लब्ध हैं, ऐसे में भारतीय टीम के पास प्लेइंग 11 में चुनने के लिए केवल 13 खिलाड़ी हैं। सुंदर चोट से उबर रहे हैं और फिलहाल बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में हैं।

द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार बुमराह को वायरल बुखार है और भारतीय टीम मैनेजमेंट उन्हें आराम देगी और वह मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में अमेरिका के खिलाफ नहीं खेलेंगे। मैच से एक दिन पहले बुमराह ग्राउंड पर तो आए, लेकिन उन्होंने ट्रेनिंग नहीं की। बुमराह को न खेलने पर मोहम्मद सिराज को मैच खेलने का मौका मिल सकता है। सिराज को शुक्रवार को ही भारतीय टीम में शामिल किया गया, जब 4 फरवरी को नवी मुंबई में साउथ अफ्रीका के खिलाफ वार्मअप मैच के दौरान घुटने की चोट के कारण तेज गेंदबाज हर्षित राणा टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हो गए।

इशान किशन करेंगे ओपनिंग

भारत की प्लेइंग 11 की बात करें तो अभिषेक शर्मा के साथ इशान किशन पारी की शुरुआत करेंगे। इशान ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ वार्मअप मैच में ओपनर के तौर पर 53 रन बनाए थे। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ तिरुवनंतपुरम में खेले गए मैच में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 103 रन बनाए थे। संजू सैमसन के फॉर्म में न होने के कारण भारतीय टीम किशन पर भरोसा कर रही है कि वह ऊपरी क्रम में अच्छा प्रदर्शन करें।

भारत की संभावित प्लेइंग 11

अभिषेक शर्मा, इशान किशान (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज।

भारतीय टीम का स्क्वाड

अभिषेक शर्मा, इशान किशान (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, संजू सैमसन।

यह भी पढ़ें: पराग का अर्धशतक, नमन धीर-आशुतोष की तेज पारी; इंडिया ए ने नामीबिया को 130 रन से हराया