टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ मैच बहिष्कार करने पर पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा ने गुरुवार (5 फरवरी) आईसीसी के कैप्टंस डे इवेंट में प्रतिक्रिया दी। सलमान आगा ने कहा कि भारत के खिलाफ मैच खेलने पर फैसला करने उनके हाथ में नहीं है। यह सरकार का फैसला है। सूर्यकुमार यादव ने भी पाकिस्तान के खिलाफ मैच पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम का कोलंबो का टिकट बुक है। वह मैच खेलने जाएगी।
पाकिस्तान ने रविवार (1 फरवरी) को ऐलान किया कि वह 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाले टी20 वर्ल्ड कप ग्रुप लीग मैच का बहिष्कार करेगा। हालांकि, पाकिस्तानी सरकार ने 7 फरवरी से शुरू होने वाले इस टूर्नामेंट में अपनी टीम के हिस्सा लेने की इजाजत दे दी है। पाकिस्तान सरकार ने बुधवार (4 फरवरी) को कहा कि वह बांग्लादेश के टूर्नामेंट से बाहर होने के विरोध में भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलेगा।
भारत वाला मैच हमारे कंट्रोल में नहीं
सलमान आगा ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 शुरू होने से पहले कप्तानों की प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारत के खिलाफ मैच न खेलने पर कहा, ‘भारत वाला मैच हमारे कंट्रोल में नहीं है। यह सरकार और पीसीबी का फैसला है और हम उसका सम्मान करते हैं। वे जो भी कहेंगे, हम वही करेंगे।’ टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 7 फरवरी को होगी। भारत और श्रीलंका में मैच खेले जाएंगे।
नॉकआउट में भारत-पाकिस्तान की टीमें टकराती हैं तो क्या होगा
आगा ने कहा कि अगर नॉकआउट में भारत-पाकिस्तान की टीमें टकराती हैं तो वे फिर से पाकिस्तान सरकार द्वारा लिए गए फैसले का पालन करेंगे। उन्होंने कहा, ‘अगर हमें सेमीफाइनल या फाइनल में उनसे दोबारा खेलना पड़ा तो हमें उनके (सरकार) पास वापस जाना होगा और उनकी सलाह पर अमल करना होगा।’
अमेरिका से हारना पुरानी बात
कोलंबो में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आगा को अमेरिका में हुए पिछले टूर्नामेंट में कमजोर मानी जाने वाली अमेरिका की टीम से पाकिस्तान की शर्मनाक हार की भी याद दिलाई गई। इस पर उन्होंने कहा, ‘हां, हम पिछले वर्ल्ड कप में अमेरिका से हार गए थे, लेकिन अब वह पुरानी बात हो गई है। यह नया वर्ल्ड कप है, नई टीम है और नया कॉम्बिनेशन है और हम इसके लिए बहुत उत्साहित हैं।”
आगा का कप्तान के तौर पर पहला वर्ल्ड कप
आगा ने कहा, “यह कप्तान के तौर पर मेरा पहला वर्ल्ड कप है और मैं इसके लिए बहुत उत्साहित हूं। मुझे नहीं पता कि मैं खुद को कप्तान के तौर पर कैसे बताऊं। एक कप्तान के तौर पर मैं बस आगे बढ़कर लीड करना चाहता हूं और टीम के लिए जितना हो सके उतना करना चाहता हूं। टीम से बेस्ट परफॉर्मेंस निकलवाना चाहता हूं और ऐसा माहौल बनाना चाहता हूं जहां वे अपना शानदार खेल दिखा सकें।’
यह भी पढ़ें: आईसीसी की कार्रवाई से बचने के लिए पाकिस्तान देगा यह दलील, बीसीसीआई बोला- नहीं चलेगी बहानेबाजी
