‘टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप स्टेज में रविवार (1 फरवरी) को भारत के खिलाफ होने वाले मैच का बॉयकॉट करने की घोषणा करके पाकिस्तान सरकार ने टीम के लिए सुपर 8 और नॉकआउट में पहुंचने की राह को मुश्किल कर दिया है। कोलंबो में 15 फरवरी को होने वाला मैच नहीं खेलने पर यह स्थिति पैदा हो सकती है कि पाकिस्तान को ग्रुप-स्टेज में बाकी तीनों मैच में जीत की जरूरत हो। हालांकि, पाकिस्तान का मुकाबला कमजोर टीमों नामीबिया, नीदरलैंड्स और अमेरिका से है, लेकिन आईसीसी टूर्नामेंट में वह कई बार उलटफेर का शिकार हो चुका है।

पाकिस्तान की 2024 टी20 वर्ल्ड कप में अमेरिका से सुपर ओवर में हार गया था। इसके कारण वह आगे नहीं बढ़ पाया था। 2022 टी20 वर्ल्ड कप में भी पाकिस्तान फाइनल खेला था, लेकिन वह सेमीफाइनल में भाग्य भरोसे ही पहुंचा था। ग्रुप स्टेज में वह जिम्बाब्वे से हार गया था। अगर नीदरलैंड्स ने साउथ अफ्रीका को नहीं हराया होता तो पाकिस्तान ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो जाता। केवल ये दो मौके नहीं हैं जब पाकिस्तान उलटफेर का शिकार हुआ है।

उलटफेर का शिकार पाकिस्तान

पाकिस्तान की टीम 2007 वनडे वर्ल्ड कप में आयरलैंड से हारकर ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गई थी। 2023 वनडे वर्ल्ड कप में उसे अफगानिस्तान से हार मिली थी। आईसीसी टूर्नामेंट में ये रिकॉर्ड बताते हैं कि विपक्षी टीमें भले कमजोर हों, लेकिन पाकिस्तान की राह आसान नहीं होगी।

4500 करोड़ का घाटा, PCB होगा कंगाल; भारत-पाक टी20 वर्ल्ड कप मैच नहीं हुआ तो किसे कितना नुकसान?

सुपर-8 में एक ग्रुप से 2 टीमें पहुंचेंगी

टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 10वां एडिशन 2024 वर्ल्ड कप फॉर्मेट जैसा ही होगा। इसमें बांग्लादेश को छोड़कर टी20 में टॉप 10 रैंक वाली टीमों में से 9 टीमें शामिल हैं। बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड खेलेगा। राजनीतिक तनाव के कारण बांग्लादेश ने भारत में खेलने से मना कर दिया था। भारत,ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड जैसी बड़ी टीमों को सुपर-8 में पहुंचने में बहुत दिक्कत नहीं होनी चाहिए। सुपर-8 में एक ग्रुप से टॉप 2 टीमें पहुंचेंगी।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 ग्रुप (रैंकिंग के साथ)

ग्रुप ए: भारत (1), पाकिस्तान (6), नीदरलैंड्स (13), नामीबिया (15), अमेरिका (18)

ग्रुप बी: ऑस्ट्रेलिया (2), आयरलैंड (11), ओमान (20), श्रीलंका (8), जिम्बाब्वे (12)

ग्रुप सी: इंग्लैंड (3), इटली (27), नेपाल (16), स्कॉटलैंड (14), वेस्टइंडीज (7)

ग्रुप डी: न्यूजीलैंड (4), साउथ अफ्रीका (5), अफ़ग़ानिस्तान (10), कनाडा (19), यूएई (17)