टी20 वर्ल्ड कप 2026 के अभी तक 7 मैच खेले जा चुके हैं और इस टूर्नामेंट में अभी तक सभी एसोसिएट टीमों ने प्रभावित किया है। सोमवार को स्कॉटलैंड ने इटली को 73 रनों से मात दी। इसके बाद ग्रुप सी काफी रोचक नजर आने लगा है। क्योंकि इसी ग्रुप में एक दिन पहले नेपाल ने इंग्लैंड की सांसें फुला दी थीं। इंग्लैंड जीता जरूर था लेकिन अब स्कॉटलैंड की जीत के बाद अंकतालिका में तीसरे स्थान पर खिसक गया है।
ग्रुप सी की अंकतालिका की बात करें तो वेस्टइंडीज की टीम टॉप पर काबिज है। दो बार की चैंपियन टीम ने पहले मैच में स्कॉटलैंड को 35 रनों से हराया था। वहीं अब स्कॉटलैंड एक हार के बावजूद इटली को हराकर दूसरे स्थान पर आ गई है। वहीं नेपाल से जैसे-तैसे आखिरी गेंद पर जीती इंग्लैंड तीसरे स्थान पर खिसक गई है।
ग्रुप सी बनेगा ‘ग्रुप ऑफ डेथ’?
अभी तक जितने मैच हुए हैं और जिस तरह से ग्रुप सी की अंकतालिका का मीटर चल रहा है, उसके मुताबिक यह साफ है कि यह ग्रुप ऑफ डेथ बन सकता है। इस ग्रुप से स्कॉटलैंड और नेपाल की टीमें भी वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के साथ सुपर 8 की दावेदारी पेश कर सकती हैं। सुपर 8 में अगर स्कॉटलैंड या नेपाल में से किसी एक ने जगह बनाई तो वेस्टइंडीय या इंग्लैंड में से किसी एक टीम को बाहर भी जाना पड़ सकता है।
नेपाल ने जो खेल दिखाया था उससे साफ है कि यह टीम इटली को हराने का दमखम रखती है। वहीं वेस्टइंडीज को भी नेपाल से सावधान रहना होगा। स्कॉटलैंड की टीम भी किसी से कम नहीं नजर आ रही है। अब अगल स्कॉटलैंड नेपाल और इंग्लैंड को हरा देती है तो सुपर 8 की लाइन में टॉप पर भी आ सकती है। फिलहाल आगे देखना होगा कि यह एसोसिएट टीमें इसी तरह का खेल जारी रखती हैं या नहीं।
स्कॉटलैंड-इटली मैच के बाद ग्रुप सी की अंकतालिका
| टीम | मैच | जीत | हार | अंक | नेट रन रेट |
| वेस्टइंडीज | 1 | 1 | 0 | 2 | 1.75 |
| स्कॉटलैंड | 2 | 1 | 1 | 2 | +0.950 |
| इंग्लैंड | 1 | 1 | 0 | 2 | +0.200 |
| नेपाल | 1 | 0 | 1 | 0 | -0.200 |
| इटली | 1 | 0 | 1 | 0 | -3.650 |
क्या है सुपर 8 का समीकरण?
आपको बता दें कि चार ग्रुप में से टॉप 2-2 टीमें सुपर 8 में जगह बनाएंगी और हर ग्रुप की आखिरी तीन टीमें बाहर हो जाएंगी। ऐसे में कुछ बड़ी टीमें भी बाहर जा सकती हैं। लीग राउंड में हर टीम चार-चार मैच खेलेगी। अपने ग्रुप की सभी टीमों से एक-एक बार भिड़ने के बाद तीन जीत किसी भी टीम को सुपर 8 का टिकट दिलवा सकती हैं।
इटली को वर्ल्ड कप डेब्यू में मिली हार
इटली की टीम को टी20 वर्ल्ड कप के अपने डेब्यू मैच में 73 रन से करारी हार झेलनी पड़ी है। स्कॉटलैंड ने पहले खेलते हुए रिकॉर्ड 207 रन का स्कोर खड़ा किया था। जवाब में कप्तान वैन मैडसन की इंजरी के बाद इटली की टीम 134 रन ही बना पाई और मुकाबला हार गई। इटली इस ग्रुप की फिलहाल सबसे कमजोर टीम नजर आई है लेकिन बाकी टीमों ने अभी तक शानदार खेल दिखाया है।
नीचे दी गई खबरें भी पढ़ सकते हैं:-
T20 World Cup 2026: भारत नंबर 1, सूर्या टॉप पर; दूसरे दिन के बाद अंकतालिका, ये हैं टॉप 5 बल्लेबाज-गेंदबाज
अभिषेक शर्मा की फिटनेस पर सस्पेंस, संजू की लग सकती है लॉटरी; AI ने दूसरे मैच के लिए चुनी भारत की संभावित प्लेइंग 11
