अमेरिका और इजराइल के ईरान पर किए गए हमलों के कारण अंतरराष्ट्रीय हवाई क्षेत्र में हुए व्यवधान के बाद इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज की टीम इस सप्ताह के अंत में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) द्वारा मुहैया कराई गई चार्टर उड़ानों से भारत से रवाना होंगी। एक सूत्र ने पीटीआई को बताया कि गुरुवार (5 मार्च) को दूसरे सेमीफाइनल में भारत से हारने वाली इंग्लैंड टीम के शनिवार शाम को मुंबई से लंदन के लिए सीधी उड़ान से रवाना होने की उम्मीद है।
वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका अन्य दो टीमें हैं जो अपना अभियान समाप्त होने के बावजूद अब भी भारत में हैं। वेस्टइंडीज की टीम भारत से पांच विकेट से हारने के बाद टी20 विश्व कप से बाहर हो गई थी। दक्षिण अफ्रीका का अभियान भी बुधवार को पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड से हार के साथ समाप्त हो गया। दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज दोनों कोलकाता से एक अन्य चार्टर उड़ान से यात्रा करेंगे। दोनों टीमें पहले जोहानिसबर्ग जाएंगी जिसके बाद वेस्टइंडीज का दल एंटीगा के लिए आगे जाएगा।
उड़ान का समय तय
उड़ान का सटीक समय अभी तय नहीं हुआ है, लेकिन इसके रविवार (8 मार्च) को रवाना होने की उम्मीद है। दक्षिण अफ्रीका के दल का एक हिस्सा 15 मार्च से शुरू होने वाले सीमित ओवरों के दौरे के लिए रविवार को न्यूजीलैंड रवाना होगा, जिसमें टीम प्रबंधन के सदस्य और खिलाड़ी केशव महाराज, जेसन स्मिथ और जॉर्ज लिंडे शामिल हैं। क्रिकेट वेस्टइंडीज ने गुरुवार को पुष्टि की थी कि टीम को घर वापस भेजने के लिए विशेष विमान की व्यवस्था की जा रही है क्योंकि खाड़ी क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय हवाई क्षेत्र पर लगे प्रतिबंधों के कारण टीम चार दिन से ज्यादा समय से शहर में फंसी हुई है।
डैरेन सैमी नाराज
इस घटनाक्रम से कुछ घंटे पहले वेस्टइंडीज के मुख्य कोच डैरेन सैमी ने सोशल मीडिया पर देरी को लेकर नाराजगी जताते हुए लिखा था कि वह ‘बस घर जाना चाहते हैं।’ बाद में उन्होंने अपडेट मिलने पर लिखा, ‘अपडेट मिल गया। वेस्टइंडीज को बस यही चाहिए था।’
यह भी पढ़ें: संजू, अक्षर या बुमराह नहीं, सेमीफाइनल के लिए इस खिलाड़ी को चुना गया इम्पैक्ट प्लेयर ऑफ द मैच
पीटीआई इनपुट से खबर
