पाकिस्तान सरकार के भारत के खिलाफ मैच बायकॉट करने वाले फैसले के बाद विवाद अब और बढ़ गया है। आईसीसी ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को इस फैसले के बाद चेताया था कि इसके दुष्परिणाम होंगे। अब एक बड़ी जानकारी सामने आई है कि आईसीसी द्वारा ब्रॉडकास्टर्स के नुकसान की भरपाई पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के सालाना रेवेन्यू (आईसीसी से होने वाली इनकम) से की जा सकती है।
न्यूज एजेंसी पीटीआई ने पीसीबी के एक सूत्र के हवाले से बताया कि आईसीसी ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को कानूनी कार्रवाई के लिए चेताया था। अब इसको लेकर सूत्र ने बताया है कि टी20 वर्ल्ड कप के आधिकारिक ब्रॉडकास्टर जियो स्टार द्वारा पीसीबी के खिलाफ एक्शन लिया जा सकता है। अगर पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मुकाबला नहीं खेला तो उसका सालाना रेवेन्यू भरपाई के लिए इस्तेमाल होगा।
पाकिस्तान को होगा 315 करोड़ से ज्यादा का नुकसान?
सूत्र के बयान के मुताबिक अगर पाकिस्तानी टीम 15 फरवरी को भारत के खिलाफ मुकाबला खेलने नहीं उतरी तो आईसीसी पाकिस्तान का पूरा सालाना रेवेन्यू रोक देगा। यह कीमत करीब 35 मिलियन यूएस डॉलर (315.6 करोड़ रुपये) है जिसे ब्रॉडकास्टर्स को दिया जाएगा और उनके नुकसान की भरपाई की जाएगी।
पीसीबी सूत्र ने यह भी बताया कि चेयरमैन मोहसिन नकवी ने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को जानकारी देने से पहले कानूनी सलाहकार से राय भी मांगी थी। अब बोर्ड को इसके कई खामियाजे भुगतने पड़ सकते हैं। सूत्र ने कहा,”अगर पाकिस्तान भारत के खिलाफ नहीं खेलता है तो सिर्फ आर्थिक पेनल्टी नहीं बल्कि ब्रॉडकास्टर्स से भी कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।”
सूत्र ने आगे कहा,”आईसीसी की विवाद समाधान समिति (DRC) भी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की किसी अर्जी को स्वीकार नहीं करेगा। पीसीबी अपनी सहमति के बाद ही भारत के बाहर न्यूट्रल वेन्यू पर खेलने आ रहा था। अब भारत के खिलाफ नहीं खेलने से पीसीबी को नुकसान उठाना पड़ेगा। भारतीय सरकार ने पाकिस्तान के बाहर भारतीय टीम को खेलने से मना नहीं किया था।”
आईसीसी की डील में भारत-पाकिस्तान मैच का था जिक्र
पीसीबी सूत्र ने विस्तार से बताया,”जब आईसीसी ने ब्रॉडकास्टर्स के साथ सभी आईसीसी इवेंट्स के लिए कॉन्ट्रैक्ट साइन किया था तो उसमें भारत-पाकिस्तान मैच का जिक्र था और उसी के मुताबिक भुगतान किया गया था। ब्रॉडकास्टर्स के पास पूरा अधिकार है कि वह पीसीबी के खिलाफ आईसीसी के कोर्ट में कॉन्ट्रैक्ट के उल्लंघन पर एक्शन की मांग कर सकते हैं।”
क्या मोहसिन नकवी बांग्लादेश चुनाव के बाद लेंगे यू टर्न?
एक अन्य सूत्र ने बताया कि मोहसिन नकवी जो पाकिस्तान की सरकार में भी मंत्री हैं, वह बांग्लादेश में 12 फरवरी को होने वाले आम चुनाव के बाद यू टर्न ले सकते हैं। चुनाव के बाद जब चुनी गई सरकार मोहम्मद यूनुस सरकार की जगह सत्ता संभालेगी तब पाकिस्ता का रुख बदल सकता है।
सूत्र के मुताबिक,”नकवी एक क्रिकेट बोर्ड के अधिकारी से ज्यादा पाकिस्तान के राजनेता हैं। उन्हें पाकिस्तान की नेशनल टीम की फिक्र नहीं है। वह अभी वाहवाही लूटना चाहते हैं और 12 फरवरी को बांग्लादेश के चुनाव के बाद फैसला बदल सकते हैं। भारत के खिलाफ मैच से दो दिन पहले उनका फैसला बदल सकता है। क्योंकि उन्हें पता है कि पाकिस्तान का बहिष्कार हो सकता है।”
यह भी पढ़ें: इशान-अभिषेक ओपनर, संजू की छुट्टी; साउथ अफ्रीका के खिलाफ वार्म अप मैच के लिए ओपनिंग जोड़ी बदलेंगे सूर्या?
यह भी पढ़ें: 4500 करोड़ का घाटा, PCB होगा कंगाल; भारत-पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप मैच नहीं हुआ तो किसे कितना नुकसान?
