ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमलों के कारण अंतरराष्ट्रीय एयरस्पेस पर लगी रोक के चलते चार दिन से ज्यादा समय से कोलकाता में फंसी वेस्टइंडीज की टीम के लिए गुरुवार (5 मार्च) को राहत भरी खबर सामने आई है। वेस्टइंडीज की टीम के घर लौटने के लिए एक चार्टर फ्लाइट का इंतजाम किया गया है। पीटीआई ने सूत्र के हवाल से जानकारी देते हुए कहा, ‘वेस्टइंडीज के खिलाड़ियों को घर जाने के लिए चार्टर की व्यवस्था की गई है।’ कोच डारेन सैमी ने कहा, ‘अपडेट मिल गया है। यह वेस्टइंडीज चाहता था।’

वेस्टइंडीज के खिलाड़ियों के लिए चार्टर विमान की व्यवस्था डारेन सैमी के सोशल मीडिया पर अपनी निराशा जाहिर करने के कुछ घंटों बाद हुई है। वेस्टइंडीज, रविवार को कोलकाता में सुपर 8 मैच में भारत से हारने के बाद टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हो गई थी। वह खाड़ी क्षेत्र के कुछ हिस्सों से विमान सेवा बाधित होने के कारण घर वापस नहीं जा सकी।

भारत में ही रुक सकते हैं कई खिलाड़ी

खाड़ी क्षेत्र की स्थिति को देखते हुए वेस्टइंडीज के कई खिलाड़ियों के भारत में ही रहने की उम्मीद है, जो आईपीएल का हिस्सा हैं। आने वाले हफ्तों में फ्रेंचाइजी कैंप शुरू करने वाली हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स का कैंप 18 मार्च से शुरू होगा। रोवमैन पॉवेल टीम का हिस्सा हैं। शेरफेन रदरफोर्ड मुंबई इंडियंस को रिप्रेजेंट करेंगे। शिमरोन हेटमायर राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हैं और रोमारियो शेफर्ड रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के साथ हैं। ये टीमें 15 मार्च से ट्रेनिंग शुरू कर सकती हैं।

आईसीसी देख रही व्यवस्था

बंगाल क्रिकेट संघ के एक पदाधिकारी ने कहा कि इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) मामले को देख रहा है। पदाधिकारी ने पीटीआई से बताया, ‘इसे पूरी तरह से आईसीसी हैंडल कर रहा है। हमारे पास वेस्टइंडीज टीम के मूवमेंट पर कोई अपडेट नहीं है, लेकिन लेटेस्ट अपडेट के अनुसार वे अभी भी यहीं हैं और चार्टर फ्लाइट ढूंढ रहे हैं।’

क्रिकेट वेस्टइंडीज का बयान

क्रिकेट वेस्टइंडीज ने पहले कहा था कि वह खिलाड़ियों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए आईसीसी और संबंधित अधिकारियों के साथ काम कर रहा है। बोर्ड ने एक बयान में कहा, ‘क्रिकेट वेस्टइंडीज (सीडब्ल्यूआई) यह बताना चाहता है कि आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप से बाहर होने के बाद वेस्टइंडीज की सीनियर पुरुष टीम के भारत से लौटने में अंतरराष्ट्रीय वायु क्षेत्र की पाबंदियों के कारण देरी हुई है।’

जिम्बाब्वे के खिलाड़ी लौटे

बोर्ड ने कहा, ”ये पाबंदियां खाड़ी क्षेत्र में सैन्य कार्रवाई से पैदा हुए सुरक्षा खतरों का सीधा नतीजा हैं जिससे कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के रूट पर असर पड़ा है और विमान कंपनियों को सुरक्षा कारणों से पूर्व निर्धारित उड़ानों में बदलाव करना पड़ा है। सीडब्ल्यूआई इस समय हमारे प्रशंसकों, परिवारों और संबंधित हितधारकों की समझ और चिंता की सराहना करता है।’ इसी वजह से भारत में फंसे जिम्बाब्वे के खिलाड़ी आईसीसी द्वारा इथोपिया में आदिस अबाबा के रास्ते उड़ान का इंतजाम करने के बाद समूहों में घर लौटने लगे हैं।

यह भी पढ़ें: ‘चोक’ नहीं चित हुआ साउथ अफ्रीका, न्यूजीलैंड से सेमीफाइनल में करारी हार पर बोले कोच शुक्री कॉनराड