भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में 7 फरवरी से शुरू हो रहे टी20 वर्ल्ड कप से पहले ऑस्ट्रेलिया को बहुत बड़ा झटका लग चुका है। दरअसल, टीम के तेज गेंदबाज पैट कमिंस इस टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। पैट कमिंस लंबे समय से चोटिल हैं और अब टूर्नामेंट शुरू होने से करीब एक हफ्ते पहले तक उनके फिट होने की उम्मीदें ना के बराबर हैं इसीलिए टीम मैनेजमेंट ने कमिंस को टी20 वर्ल्ड कप टीम से बाहर किया है।
कमिंस और शॉर्ट की जगह कौन टीम में हुआ शामिल?
ऑस्ट्रेलिया ने टी20 वर्ल्ड कप के आगाज से करीब एक हफ्ता पहले टीम में दो बदलाव करके अपना फाइनल स्क्वाड जारी कर दिया है। एक तो पैट कमिंस पीठ की चोट के कारण टीम से बाहर हो गए हैं। इसके अलावा टॉप-ऑर्डर बैट्समैन मैथ्यू शॉर्ट भी अंतिम 15 खिलाड़ियों की सूची से बाहर हैं। कमिंस और शॉर्ट के बाहर होने के बाद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बेन ड्वारशुइस और मैथ्यू रेनशॉ को टीम में जगह दी है।
चैंपियंस ट्रॉफी भी नहीं खेले थे कमिंस
पैट कमिंस लंबे समय से इंजरी से जूझ रहे हैं। टी20 वर्ल्ड कप से पहले पैट कमिंस एक और आईसीसी टूर्नामेंट को मिस कर चुके हैं। वह इंजरी के कारण ही चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में नहीं खेल पाए थे। फिर इंजरी के चलते ही उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज भी मिस की और अब वह टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हो गए हैं। हालांकि उन्हें क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने अपनी शुरुआती टीम में जगह दी थी। पैट कमिंस के अब IPL तक फिट होने की संभावना है।
स्टीव स्मिथ की नहीं बनी जगह
पैट कमिंस और मैथ्यू शॉर्ट के बाहर होने के बाद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने स्टीव स्मिथ की अनदेखी की है। बैटिंग लाइनअप में स्मिथ की जगह नहीं बन पाना हैरान करने वाला है। स्मिथ ने हाल ही में BBL शानदार प्रदर्शन भी किया, लेकिन इसके बावजूद उन्हें टीम में जगह नहीं मिल पाई है। बिग बैश लीग (बीबीएल) के छह मैचों में स्मिथ ने 167 के जबरदस्त स्ट्राइक-रेट से 299 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने एक शतक भी लगाया था जो सिर्फ 41 गेंदों में आया था।
टी20 वर्ल्ड कप के लिए ऑस्ट्रेलिया की फाइनल टीम
मिचेल मार्श (कप्तान), जेवियर बार्टलेट, कूपर कोनोली, टिम डेविड, बेन ड्वारशुइस, कैमरन ग्रीन, नाथन एलिस, जोश हेजलवुड, ट्रेविस हेड, जोश इंग्लिस, मैथ्यू कुहनेमन, ग्लेन मैक्सवेल, मैथ्यू रेनशॉ, मार्कस स्टोइनिस, एडम जैम्पा।
