टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम की दिक्कत कम होने का नाम नहीं ले रही है और वह नामीबिया के खिलाफ मैच से पहले संकट में घिर गई है। अभिषेक शर्मा के बीमार होने के बाद अभ्यास सत्र के दौरान इशान किशन चोटिल हो गए।किशन ने बुधवार (11 फरवरी) को नेट्स पर अपनी फॉर्म दिखाई, लेकिन जसप्रीत बुमराह की तेज गेंद बाएं पैर पर लगने से वह चोटिल हो गए। वह लंगड़ाते हुए नेट्स से बाहर गए।

इशान किशन बाद में अभ्यास के लिए लौटे, लेकिन थोड़ी देर ही बल्लेबाजी कर पाए। अगर नामीबिया के खिलाफ किशन नहीं खेलते हैं तो देखने वाली बात होगी कि भारत के लिए पारी की शुरुआत कौन करेगा। बुमराह ने लगातार दूसरे दिन पूरी रफ्तार से गेंदबाजी की, जो भारत के लिए अच्छा संकेत है। वह अमेरिका के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप के पहले मैच में नहीं खेले थे।

बुमराह पर तिलक ने दिया अपडेट

तिलक वर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बुमराह को लेकर कहा, ‘बुमराह अब बिल्कुल ठीक हैं। वह पहले से बेहतर हो रहे हैं। जैसा कि मैंने कहा, हमारे पास अभी एक और दिन है, इसलिए उम्मीद है कि वह टीम में वापस आ जाएंगे। अगर वह लगातार बेहतर होते रहे, तो टीम मैनेजमेंट फैसला करेगा और मुझे लगता है कि वह दूसरे मैच के लिए वापस आ सकते हैं।’ बुमराह ने गेंदबाजी के बाद कैचिंग ड्रिल में भी हिस्सा लिया।

संजू सैमसन को मौका मिल सकता है

अभिषेक शर्मा के न खेलने खराब फॉर्म की वजह से टीम से बाहर चल रहे संजू सैमसन को मौका मिल सकता है। अभिषेक शर्मा पेट के संक्रमण से जूझ रहे हैं। दिल्ली आने के बाद अभिषेक को अस्पताल में में भर्ती कराया गया था, लेकिन बुधवार को उन्हें छुट्टी दे दी गई। संजू उन बल्लेबाजों में शामिल थे, जिन्होंने नेट्स में काफी समय बिताया। फिट होकर भारतीय टीम से जुड़े वाशिंगटन सुंदर ने गेंदबाजी और बल्लेबाजी की।

डीडीसीए पदाधिकारियों के परिवारों के साथ भारतीय खिलाड़ियों ने ली सेल्फी

भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अभ्यास सत्र के बाद डीडीसीए के पदाधिकारियों के साथ कई सेल्फी खिंचवाईं। शाम को सेल्फी का दौर जारी रहा। इसमें कुलदीप यादव और रिंकू सिंह ने भी डीडीसीए पदाधिकारियों और उनके परिवारों के साथ सेल्फी ली।

यह भी पढ़ें: 262 गेंदों का रोमांच, आखिरी गेंद तक लड़े अफगान; डबल सुपर ओवर में जीता साउथ अफ्रीका