सूर्यकुमार यादव के लिए इस वक्त कुछ भी ठीक नहीं चल रहा है। वो भारतीय टी20 टीम की कप्तानी पद गंवा चुके हैं और इन दिनों वो टी20 मुंबई 2026 में ट्रायम्फ्स नाइट्स MNE की कप्तानी कर रहे हैं, लेकिन यहां भी उन्हें एक के बाद एक हार का सामना करना पड़ रहा है। इस टी20 लीग के 18वें मैच में ईगल ठाणे स्ट्राइकर्स के हाथों सूर्यकुमार यादव की टीम को 24 रन से हार मिली जिसकी कप्तानी शार्दुल ठाकुर कर रहे हैं।
टी20 मुंबई 2026 में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी काफी खराब रही है और ये टीम पिछले 5 में से 4 मैच गंवा चुकी है और सेमीफाइनल की दौड़ से लगभग बाहर हो चुकी है। इस सीजन के 18वें मुकाबले में ट्रायम्फ्स नाइट्स MNE का सामना ईगल ठाणे स्ट्राइकर्स के साथ हुआ जिसमें ट्रायम्फ्स नाइट्स ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। इसके बाद ईगल ठाणे स्ट्राइकर्स ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 172 रन बनाए और इसके जवाब में ट्रायम्फ्स नाइट्स की टीम 18.5 ओवर में 148 रन पर आउट हो गई।
साईराज पाटिल ने खेली अर्धशतकीय पारी
शार्दुल ठाकुर की टीम ईगल ठाणे स्ट्राइकर्स के लिए साईराज पाटिल ने शानदार पारी खेली और 46 गेंदों पर 69 रन बनाए जब शुरुआत बल्लेबाजों ने सरेंडर कर दिया। इस टीम के विकेटकीपर शाश्वत जगताप ने 10 गेंदों पर तेज 29 रन की पारी खेली जबकि शार्दुल ठाकुर ने सिर्फ एक रन बनाए। मनन भट्ट ने भी तेज पारी खेलते हुए 9 गेंदों पर 18 रन बनाए। ट्रायम्फ्स नाइट्स MNE ने सिल्वेस्टर डिसूजा और मिनाद मांजरेकर ने 2-2 विकेट लिए।
सूर्यकुमार ने किया निराश
ट्रायम्फ्स नाइट्स MNE के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने निराश किया और 16 गेंदों पर 20 रन बनाकर आउट हो गए जबकि परीक्षित वलसांगकर ने 20 गेंदों पर 33 रन की पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला पाए। अखिल हेरवाडकर ने 33 रन की पारी खेली जबकि नूतन कुमार गोयल के बल्ले से 19 रन निकले।
ईगल ठाणे स्ट्राइकर्स की तरफ से अनुज गिरी ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए जबकि अथर्व अंकोलेकर और अमर्त्य राजे ने 2-2 विकेट लिए। ट्रायम्फ्स नाइट्स के अब 5 मैचों में 2 अंक हैं और ये टीम अंकतालिका में 7वें नंबर पर है।
सरफराज की टीम के खिलाफ श्रेयस अय्यर का बल्ला नहीं चला, 66 रन से हारी टीम
आकाश टाइगर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और 20 ओवर में 5 विकेट पर 227 रन बनाए। सोबो मुंबई फॉल्कनस ने 17.5 ओवर में 10 विकेट पर 161 रन बनाए। (इस खबर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
