Syed Mushtaq Ali Trophy: राहुल तेवतिया और रोहित शर्मा ने 200 के स्ट्राइक रेट से ठोके रन; टॉप पर चहल की टीम, हार गई गब्बर की सेना
एक समय हरियाणा का स्कोर 12.5 ओवर में 5 विकेट पर 105 रन था। उसे जीत के लिए 7.1 ओवर में 78 रन बनाने थे। इसके बाद राहुल तेवतिया क्रीज पर आए। उन्होंने रोहित शर्मा के साथ मिलकर गेंदबाजों की बखिया उधेड़ दी।

आखिरी 6 ओवर में राहुल तेवितया और विकेटकीपर रोहित प्रमोद शर्मा की ताबड़तोड़ पारियों के दम पर हरियाणा ने 17 जनवरी की रात सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (Syed Mushtaq Ali Trophy) 2021 के एलीट ग्रुप ई के मैच में शिखर धवन की अगुआई वाली दिल्ली को 5 विकेट से हराया। इस जीत के साथ ही हरियाणा एलीट ग्रुप ई (Elite Group E) की पॉइंट टेबल में टॉप पर पहुंच गया।
हरियाणा के कप्तान मोहित शर्मा हैं। उनकी टीम में भारत के स्टार स्पिनर युजवेंद्र चहल भी हैं। हरियाणा के 4 मैच में 16 अंक हो गए हैं। उसने अपने सभी मैच जीते हैं। उसका अगला मुकाबला 19 जनवरी को केरल से होना है। केरल ग्रुप में दूसरे नंबर पर है। उसके 12 अंक हैं। उसने 4 में से 3 में जीत हासिल की है। दिल्ली की टीम तीसरे नंबर पर है। उसके 4 मैच में 8 अंक हैं। उसका अगला मुकाबला 19 जनवरी को पुडुचेरी से होना है।
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मैच में हरियाणा ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 182 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी हरियाणा की टीम ने 18.2 ओवर में 5 विकेट पर 183 रन बना मैच जीत लिया।
एक समय हरियाणा का स्कोर 13 ओवर में 5 विकेट पर 105 रन था। उसे जीत के लिए 7 ओवर में 78 रन बनाने थे। शिवम चौहान के आउट होने पर राहुल तेवतिया क्रीज पर आए। उन्होंने विकेटकीपर बल्लेबाज रोहित शर्मा के साथ मिलकर गेंदबाजों की बखिया उधेड़ने शुरू कर दी। दोनों ने अगली 32 गेंदों में 78 रन ठोक दिए।
इस दौरान दोनों के बल्ले से 4 चौके और 5 छक्के निकले। इसमें से रोहित ने 3 छक्के और एक चौका लगाया। राहुल तेवतिया ने 3 चौके और 2 छक्के लगाए। राहुल 16 गेंद में 31 और रोहित 21 गेंद में 48 रन बनाकर नाबाद रहे। राहुल और रोहित की पारियों के कारण दिल्ली के नितीश राणा का 27 गेंद में ठोका गया अर्धशतक फीका पड़ गया।
नितीश राणा ने 11 चौके और 2 छक्के की मदद से 34 गेंद में 66 रन बनाए थे। दिल्ली की ओर से हितेन दलाल ने भी 41 गेंद में 49 रन की पारी खेली थी। कप्तान शिखर धवन खाता नहीं खोल पाए थे। विकेटकीपर अनुज रावत ने 26 गेंद में 34 और ललित यादव ने 14 गेंद में 23 रन बनाए थे।