सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (Syed Mushtaq Ali Trophy 2021) के एलीट ग्रुप-ई में पुदुचेरी ने आंध्र प्रदेश को 4 विकेट से हरा दिया। दूसरी ओर, एलीट ग्रुप-डी में सौराष्ट्र ने गोवा को 90 रन से रौंद दिया। आंध्र के लिए दिग्गज बल्लेबाज अंबाती रायुडू ने 26 गेंद पर नाबाद 62 रन बनाए, लेकिन इस पारी पर शेल्डन जैक्सन का शतक भारी पड़ गया। दूसरी ओर, अवि बरोट के शानदार शतक की बदौलत सौराष्ट्र ने गोवा को हरा दिया।
आंध्र और पुदुचेरी के मैच में पुदुचेरी के कप्तान देमोडेरेन रोहित ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। आंध्र की शुरुआत शानदार रही। अश्विन हेब्बार और श्रीकर भरत ने पहले विकेट के लिए 107 रनों की साझेदारी की। अश्विन 32 गेंद पर 5 चौके और 2 छक्कों की मदद से 45 रन बनाकर आउट हुए। उनके बाद श्रीकर भरत 34 गेंद पर 62 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उन्होंने 4 चौके और 5 छक्के लगाए। रिकी भूई 13 रन ही बना सके। इसके बाद आखिरी ओवरों में अंबाती रायुडू और प्रशांत कुमार ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। रायुडू ने 21 गेंद पर अर्धशतक ठोक दिया।
रायुडू ने 26 गेंद की पारी में 5 चौके और 5 छक्कों की मदद से 62 रन बनाए। प्रशांत कुमार ने 16 गेंद पर 32 रन बनाए। उन्होंने 5 चौके और एक छक्का लगाया। आंध्र ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 226 रन बनाए। 227 रन के पहाड़ लक्ष्य को पुदुचेरी ने 19.2 ओवर में हासिल कर लिया। उसने 6 विकेट पर 228 रन बना लिए। उसके लिए शेल्डन जैक्सन ने सबसे ज्यादा 106 रन बनाए। उन्होंने 50 गेंद की पारी में 7 चौके और 8 छक्के लगाए। पारस डोगरा ने 18 गेंद पर ताबड़तोड़ 51 रन ठोक दिए। उन्होंने 2 चौके और 6 छक्के लगाए।
दूसरी ओर, सौराष्ट्र के खिलाफ गोवा ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया। सौराष्ट्र ने अवि बरोट की शतक की बदौलत 20 ओवर में 5 विकेट पर 215 रन बनाए। बरोट ने 53 गेंद की पारी में 11 चौके और 7 छक्के लगाए। समर्थ व्यास ने 29 गेंद पर 41 रन बनाए। 216 रन के लक्ष्य के सामने गोवा की टीम 18.4 ओवर में 125 रनों पर सिमट गई। उसके लिए एकनाथ कारेकर ने 32 रन बनाए। सौराष्ट्र के लिए कप्तान जयदेव उनदकट ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए।