भारतीय क्रिकेट टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतकर अपना नाम इतिहास के पन्नों पर अमर कर लिया है। वहीं कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बतौर कप्तान विश्व चैंपियन बनते ही एमएस धोनी की बराबरी कर ली है। इतना ही नहीं भारत को पिछले वर्ल्ड कप में चैंपियन बनाने वाले रोहित शर्मा से भी सूर्या आगे निकल गए हैं। साथ ही गौतम गंभीर ने इतिहास रच दिया है।

गौतम गंभीर अब बतौर कोच और बतौर खिलाड़ी टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाले पहले क्रिकेटर बन गए हैं। गौतम ने बतौर खिलाड़ी 2007 में टी20 वर्ल्ड कप जीता था और अब वह बतौर कोच भी टी20 वर्ल्ड कप जीत चुके हैं। टीम इंडिया के हेड कोच ने इतिहास रच दिया है। गौतम गंभीर टी20 वर्ल्ड कप में ऐसा करने वाले दुनिया के पहले क्रिकेटर बन गए हैं।

रोहित से आगे और धोनी के बराबर पहुंचे सूर्या

रोहित शर्मा ने भारत के लिए 2024 में बतौर कप्तान टी20 वर्ल्ड कप जीता था। रोहित का बतौर कप्तान वह दूसरा टी20 वर्ल्ड कप था। जबकि सूर्यकुमार यादव ने बतौर कप्तान अपने पहले वर्ल्ड कप में ही खिताब जीत लिया है। इस मामले में सूर्यकुमार यादव रोहित से आगे निकले।

वहीं एमएस धोनी ने भी साल 2007 में बतौर कप्तान अपने पहले सीजन में ही खिताब जीता था। यानी अब सूर्या इस मामले में धोनी के बराबर पहुंच गए हैं। सूर्यकुमार यादव टी20 वर्ल्ड कप 2024 के बाद टीम के कप्तान बने थे और तब से वह एक भी सीरीज नहीं हारे थे। साथ ही एशिया कप उन्होंने जीता और अब अपनी कप्तानी में टीम को वर्ल्ड चैंपियन बना दिया।

भारत ने बनाए तीन वर्ल्ड रिकॉर्ड

टीम इंडिया तीसरा टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम बनी है। वहीं भारतीय क्रिकेट टीम लगातार दूसरा टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम बनी है। साथ ही घरेलू सरजमीं पर टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाला भी भारत पहला देश बना है। भारत की लगातार यह तीसरी आईसीसी ट्रॉफी है पुरुष क्रिकेट में। 2023 वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में हार के बाद से भारत आईसीसी टूर्नामेंट नहीं हारा है।

ह भी पढ़ें- संजू सैमसन प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट, जानें किसे मिला कौन सा अवॉर्ड और कितनी प्राइज मनी?
यह भी पढ़ें- जसप्रीत बुमराह नंबर 1, संजू सैमसन इस स्थान पर; ये हैं विश्व कप के टॉप 5 बल्लेबाज-गेंदबाज