टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 मुकाबले में साउथ अफ्रीका से मिली हार के बाद भारतीय टीम, भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव और हेड कोच गौतम गंभीर सवालों के घेरे में हैं। इसी को लेकर कई पूर्व क्रिकेटर्स की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कहीं-कहीं यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या टी20 वर्ल्ड कप के बाद सूर्या से आगे टीम को सोचना चाहिए? इस सवाल पर इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने बड़ी बात कही है।
दरअसल क्रिकबज के एक सवाल-जवाब के सत्र में माइकल वॉन का यह जवाब सामने आया है। उनसे जब पूछा गया कि क्या टी20 वर्ल्ड कप के बाद इंडिया को सूर्या से आगे सोचना चाहिए? इसके जवाब में माइकल वॉन ने कहा, यह बेवकूफी होगी अगर इंडिया ने सूर्या से आगे सोचने का विचार भी किया। वहीं आगे उन्होंने तिलक वर्मा के स्ट्राइक रेट पर उठ रहे सवालों का भी जवाब दिया और भारतीय बल्लेबाज का बचाव किया।
सूर्या को लेकर क्या बोले माइकल वॉन
माइकल वॉन ने ऊपर बताए गए सवाल का पूरा जवाब देते हुए कहा,”इंडिया की यह बेवकूफी होगी अगर वह सूर्यकुमार यादव से आगे कुछ भी वर्ल्ड कप के बाद सोचेंगे। मुझे लगता है कि SKY जीनियस हैं।” वहीं आगे बाबर आजम के टी20 करियर को लेकर उन्होंने कहा कि बाबर वनडे क्रिकेट और टेस्ट क्रिकेट के स्पेशलिस्ट बल्लेबाज हैं। टी20 क्रिकेट में वह मजबूत नहीं हैं।
तिलक वर्मा का भी वॉन ने किया बचाव
तिलक वर्मा के स्ट्राइक रेट और स्पिन के खिलाफ धीमी बल्लेबाजी का मुद्दा लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है। इसको लेकर वॉन ने कहा,”उन्हें अपने स्ट्राइक रेट को थोड़ा बढ़ाना होगा लेकिन अगर आप पूरी टीम की बैटिंग को देखें तो अलग-अलग वैराएटी के प्लेयर्स की आपको जरूरत होती है। लगातार अच्छा खेलने वाले प्लेयर्स की आपको जरूरत पड़ती है और कई बार ऐसा भी होता है कि लगातार रन बनाने से आपका स्ट्राइक रेट बाकी बल्लेबाजों जितना हाई नहीं होता है।”
यह भी पढ़ें- सेमीफाइनल के बचे 3 टिकट, भारत-पाकिस्तान समेत 7 दावेदार; जानें किस टीम के लिए है क्या समीकरण
यह भी पढ़ें- भारत को जिम्बाब्वे को 7.1 ओवर में ही हराना होगा; जानें कैसे – से + होगा नेट रनरेट, यह है गणित
