भारतीय टीम सुपर 8 के पहले मुकाबले के लिए पूरी तरह से तैयार है। भारत को सुपर 8 के पहले मैच में साउथ अफ्रीका से भिड़ना है। इस मुकाबले से पहले हुए प्रेस कांफ्रेंस में जब सूर्यकुमार यादव से पूछा गया कि क्या संजू सैमसन को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जा सकता है तो उन्होंने कहा कि तो क्या अभिषेक शर्मा या तिलक वर्मा को ड्रॉप कर दूं।
भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव से अहमदाबाद में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान पूछा गया कि क्या साउथ अफ्रीका के खिलाफ संजू सैमसन को प्लेइंग 11 में जगह मिल सकती है क्योंकि हमने देखा कि उन्होंने प्रैक्टिस के दौरान काफी लंबी बैटिंग की थी। संजू ने पेस और स्पिन दोनों के खिलाफ बैटिंग की तो क्या हम आने वाले मैच में उनको खेलते हुए देख सकते हैं।
तो क्या अभिषेक और तिलक को ड्रॉप कर दूं
सूर्यकुमार यादव ने मुस्कुराते हुए इस सवाल का जवाब देते हुए कहा कि मतलब आप बोल रहे हो कि मैं उनको अभिषेक की जगह खिलाऊं। तब पत्रकार ने कहा कि नहीं-नहीं नंबर 3 पर मौका दे सकते हैं, तो फिर सूर्यकुमार यादव ने कहा कि तो फिर मैं उन्हें तिलक की जगह खिलाऊं। इसके बाद सूर्यकुमार यादव जोर से हंसे और कहा कि अभी अच्छा ही तो चल रहा है, मतलब पावरप्ले में वो 50 रन 40 रन तो बना ही रहे हैं यानी ये तो नॉर्मल क्रिकेट है।
सूर्यकुमार यादव ने आगे कहा कि अब हमने इतना ज्यादा अच्छा क्रिकेट खेल लिया है द्विपक्षीय सीरीज में तो होता है, हमें भी अपने आप से काफी अपेक्षा रहती है कि हम 220 या फिर 240 बना दें, लेकिन विकेट यहां पर थोड़े से अलग हैं। हमने अब तक जिन 4 विकेट पर खेला है वो थोड़ा अलग भी थी साथ ही चुनौतीपूर्ण भी था। हमारे खिलाफ ऑफ स्पिनर्स पहले नहीं गेंद डाल रहे थे, लेकिन अब डाल रहे हैं। तो हमने इसके खिलाफ तैयारी शुरू की है और उम्मीद है कि इस समस्या को टैकल कर लेंगे क्योंकि हम सुपर 8 की जर्नी शुरू करने जा रहे हैं।
ये खबर भी पढ़ें
