IND vs PAK: पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले से पहले इस टीम के स्पिनर उस्मान तारिक की जमकर बातें हो रही है। कहा जा रहा है कि तारिक भारत के बल्लेबाजों को अपने अनोखे एक्शन की वजह से परेशान कर सकते हैं। भारतीय बल्लेबाजों ने कभी तारिक की गेंदों का सामना नहीं किया और कोलंबो में सबकी इनके खिलाफ कड़ी परीक्षा होने वाली है।
सूर्यकुमार ने उस्मान तारिक की तरह की गेंदबाजी
पाकिस्तानी स्पिनर उस्मान तारिक गेंद को फेंकने से पहले थोड़ा रुक जाते हैं जिससे बल्लेबाजों को परेशानी होती है, लेकिन टीम इंडिया के बल्लेबाजों ने उनके खिलाफ खेलने के लिए प्रैक्टिस के दौरान खास तरह से तैयारी की। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने खुद टीम इंडिया के बल्लेबाजों को खास प्रैक्टिस करवाई जिससे कि तारिक का सामना करने में किसी को कोई परेशानी ना हो।
सूर्यकुमार यादव का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वो गेंदबाजी करते हुए दिख रहे हैं। सूर्या अपनी गेंदबाजी के दौरान उस्मान तारिक की तरह गेंद फेंकते नजर आए। सूर्यकुमार गेंद को रीलिज करने से पहले तारिक की तरह से पॉज लेते दिखे और बल्लेबाजों को अभ्यास करवाया जिससे कि बल्लेबाज इस तरह की गेंदबाजी के लिए अभ्यस्त हो जाएं। यही नहीं टीम के अन्य स्टाफ ने भी भारतीय बल्लेबाजों को इसी तरह से अभ्यास करवाया।
टीम इंडिया के बैटर्स ने प्रैक्टिस के दौरान तारिक का सामना करने के लिए खास तैयारी तो की है, लेकिन ये मैच के दौरान देखना दिलचस्प होने वाला है कि इस अभ्यास के भारतीय बल्लेबाजों को कितना फायदा हुआ। अनिल कुंबले ने स्टार स्पोर्ट्स पर कमेंट्री के दौरान भारतीय खिलाड़ियों को सावधान करते हुए कहा कि आपको तारिक के खिलाफ थोड़ा ध्यान देना पड़ेगा। आप पहले उनकी कुछ गेंदों को देखें और पूरा ध्यान दें इससे परेशानी नहीं होगी।
ये खबरें भी पढ़ें
संजू सैमसन-अर्शदीप सिंह आउट, अभिषेक-इशान ओपनर; पाकिस्तान के खिलाफ भारत की संभावित प्लेइंग 11
तिलक वर्मा से आगे अभिषेक शर्मा, T20I में पाकिस्तान के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप 8 बल्लेबाज
