भारत के पूर्व ओपनर सुधीर नाइक जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं। वह 24 मार्च को मुंबई में अपने घर पर गिर गए थे। इसके बाद उन्हें मुंबई के हिंदुजा अस्पताल में भर्ती कराया गया। वह इंटेंसिव केयर यूनिट (ICU) में हैं। नाइक ने भारत के लिए 3 टेस्ट और 2 एकदिवसीय मैच खेले। दिलचस्प बात यह है कि उन्होंने 1974 में लीड्स में इंग्लैंड के खिलाफ एकदिवसीय मैच में लिटिल मास्टर सुनील गावस्कर के साथ भारत ले लिए ओपनिंग की थी। यह टीम इंडिया का पहला वनडे मैच था।
सुधीर नाइक के नाम बड़ा रिकॉर्ड
सुधीर नाइक के नाम भारत की ओर से वनडे क्रिकेट में पहला चौका लगाने का रिकॉर्ड है। क्रिकेट प्रशंसकों को यह जानकर हैरानी हो सकती है कि भारत की ओर से वनडे में पहला छक्का लगाने का रिकॉर्ड सुनील गावस्कर के नाम है। गावस्कर ने अपने करियर में टेस्ट और वनडे मिलाकर 47 छक्के लगाए हैं। भारत को अपने पहले वनडे मैच में इंग्लैंड से 4 विकेट से हार मिली थी।
टीम इंडिया 265 रन पर आउट हो गई थी
टीम इंडिया पहले बल्लेबाजी करते हुए 265 रन पर आउट हो गई थी। बृजेश पटेल ने 78 गेंद पर 82 रन बनाए थे। कप्तान अजित वाडेकर ने 82 गेंद पर 67 रन बनाए थे। सुनील गावस्कर ने 28 और सुीधर नाइक ने 18 रन बनाए थे। एजबेस्टन में अपने टेस्ट डेब्यू पर नाइक ने दूसरी पारी में शानदार 77 रन बनाए। वह भारत में वेस्टइंडीज के खिलाफ दो और टेस्ट मैच खेले।
नाइक का शानदार प्रथम श्रेणी करियर
नाइक का प्रथम श्रेणी करियर शानदार रहा। उन्होंने 85 मैच खेले और 4376 रन बनाए। बॉम्बे (अब मुंबई) के लिए नाइक ने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया और रणजी ट्रॉफी में उन्होंने 1973-74 में बड़ौदा के खिलाफ नाबाद 200 की पारी खेली। यह उनका सर्वोच्च स्कोर रहा। रणजी में उन्होंने 40.10 के औसत से 2687 रन बनाए। उनकी कप्तानी में मुंबई 1970-71 में रणजी चैंपियन भी बना।