आईपीएल 2026 से ठीक पहले सनराइजर्स हैदराबाद फ्रेंचाइजी की मालकिन काव्या मारन सबके निशाने पर हैं। काव्या मारन की फ्रेंचाइजी सनराइजर्स लीड्स ने द हंड्रेड लीग के इस सीजन के लिए पाकिस्तानी स्पिनर अबरार अहमद को टीम में शामिल किया था और इसे लेकर अब सुनील गावस्कर ने भी अपना विरोध जाहिर किया। गावस्कर ने खुले तौर पर कह डाला की आपका पैसा भारतीय सैनिक और नागरिकों की मौत का कारण बनता है।
गावस्कर ने दावा किया कि फ्रेंचाइजी और काव्या को जिस विरोध का सामना करना पड़ा है वह सही है। भारतीय क्रिकेट के इस दिग्गज ने दावा किया कि अबरार अहमद को दी जा रही रकम भारतीय सैनिकों और नागरिकों की मौत का कारण बनेगी। 76 साल के गावस्कर ने मालिकों को दोषी ठहराते हुए कहा कि शायद इस टीम के हेड कोच डेनियल विटोरी को राजनीतिक हालात की जानकारी न हो।
आपका पैसा भारतीय सैनिक और नागरिकों की मौत का कारण बनेगा
सुनील गावस्कर ने मिड-डे में लिखा कि द हंड्रेड में एक फ्रेंचाइजी के भारतीय मालिक द्वारा किसी पाकिस्तानी खिलाड़ी को खरीदने पर जो हंगामा मचा है वह बिल्कुल भी हैरानी की बात नहीं है। नवंबर 2008 में मुंबई हमलों के बाद से भारतीय फ्रेंचाइजी मालिकों ने आईपीएल के लिए पाकिस्तानी खिलाड़ियों को पूरी तरह से नजरअंदाज कर दिया है। हालांकि देर से ही सही लेकिन यह एहसास कि वे किसी पाकिस्तानी खिलाड़ी को जो फीस देते हैं, उस पर वह खिलाड़ी अपनी सरकार को इनकम टैक्स देता है जिससे वह सरकार हथियार और गोला-बारूद खरीदती है और इस तरह यह अप्रत्यक्ष रूप से भारतीय सैनिकों और नागरिकों की मौत का कारण बनता है। इसी वजह से भारतीय संस्थाएं अब पाकिस्तानी कलाकारों और खिलाड़ियों को अपनी टीम में शामिल करने के बारे में सोचने से भी कतरा रही हैं।
पाकिस्तानी खिलाड़ी को खरीदने से करना था मना
सुनील गावस्कर ने आगे लिखा कि चाहे कोई भारतीय संस्था पेमेंट कर रही हो या उसी संस्था की कोई विदेशी सब्सिडियरी, अगर मालिक भारतीय है तो वह भारतीय लोगों को होने वाले नुकसान में ही योगदान दे रहा है। बात इतनी ही सीधी है। ‘द हंड्रेड’ टीम के कोच न्यूजीलैंड के डेनियल विटोरी शायद इस सीधी-सी बात को न समझ पाए हों और इसीलिए शायद वह अपनी टीम में कुछ पाकिस्तानी खिलाड़ी चाहते हों, लेकिन टीम के मालिक को तो यकीनन इस स्थिति की समझ होनी चाहिए थी और उन्हें इन खिलाड़ियों को खरीदने से मना करना चाहिए था। क्या किसी ऐसे प्रारूप में टूर्नामेंट जीतना जिसे दुनिया का कोई और देश खेलता ही नहीं है भारतीय लोगों की जान से कहीं ज्यादा जरूरी है।
हैदराबाद को करना पड़ सकता है विरोध का सामना
गावस्कर ने आगे कहा कि अगर 2026 के इंडियन प्रीमियर लीग के दौरान हैदराबाद को फैंस के विरोध का सामना करना पड़े, तो उन्हें कोई हैरानी नहीं होगी और उन्होंने टीम के मालिकों से अपने फैसले को बदलने की अपील की। उन्होंने कहा कि इसमें कोई हैरानी की बात नहीं होगी कि यह टीम जो भी मैच खेलेगी चाहे वह अपने घरेलू मैदान पर हो या बाहर हर मैच के दौरान भारतीय फैंस जोरदार प्रदर्शन करेंगे और इस अविश्वसनीय खरीद का विरोध करेंगे। असल में इसमें भी कोई हैरानी नहीं होगी कि टीम में कुछ सबसे शानदार बल्लेबाज होने के बावजूद दर्शक स्टेडियम से दूर रह सकते हैं और इस फैसले के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर कर सकते हैं।
ये खबरें भी पढ़ें
