एशियन गेम्स 2026 में भारत ने कुश्ती में 6 पदक जीते। इनमें से एक गोल्ड हरियाणा के भिवानी के रहने वाले सुजीत कलकल ने झटका। उन्होंने पुरुषों के 65 किलोग्राम फ्रीस्टाइल इवेंट में गोल्ड मेडल जीता। उन्होंने सेमीफाइनल में जापान के ओलंपिक चैंपियन कोटारो कियोका को हराया। फाइनल में 2-9 से पिछड़ने के बाद जीत हासिल की। ​​उन्हें एशियाई खेल 2026 में सर्वश्रेष्ठ भारतीय पुरुष एथलीट के लिए ‘राजा रणधीर सिंह अवॉर्ड’ भी मिला।

जनसत्ता के साथ इंटरव्यू में सुजीत कलकल ने बताया कि उनके पिता दयानंद कलकल ने उन्हें 5-7 की उम्र में ही अखाड़े में लेकर चले गए थे। राष्ट्रीय स्तर के पूर्व चैंपियस दयानंद लंबे समय तक सुजीत के कोच और मेंटर रहे। उन्होंने सुजीत से कहा कि ओलंपिक गोल्ड से नीचे कुछ नहीं सोचना है। एशियाड में गोल्ड जीतने के बाद सुजीत का अगला लक्ष्य ओलंपिक चैंपियन बनना ही है।

5-7 साल की उम्र में अखाड़े में कदम

सुजीत ने अपने सफर के बारे में बाते हुए कहा, ‘बहुत लंबी जर्नी है। बचपन से ही लगे हुए हैं इस चीज में और जब रिजल्ट वाला दिन आता है और पॉजिटिव रिजल्ट मिलता है तो इससे खुशी की बात क्या ही होगी हमारे लिए। मेरे पापा इस फील्ड में मेरे को लाए थे। 5-7 साल का था तभी मिट्टी के अखाड़े में मैंने पहला कदम रखा था। पापा ने यही बताया था कि भाई ओलंपिक गोल्ड से नीचे तो कभी सोचना ही नहीं। तो बस वही मोटिव लेके चल रहे हैं अपना।’

देशवासियों के आशीर्वाद से जीता पदक

सुजीत ने एशियाड फाइनल में 2-9 से पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए स्वर्ण पदक जीता था। इसे लेकर उन्होंने कहा, ‘इसके पीछे देशवासियों का आशीर्वाद था और भगवान की दया थी। ये मेडल सिर्फ मेरी मेहनत से नहीं है। कोचेज हैं, पेरेंट्स हैं, देशवासियों का आशीर्वाद है, उनसे ही संभव होता है।’

उबला हुआ खाना खाते हैं और फैट नहीं लेते

सुजीत कलकल ने अपने विजन पर कहा, ‘लास्ट गोल जो होता है एक एथलीट का वो ओलंपिक गोल्ड ही होता है। तो बस वही सपना है हमारा। अगर इंजरी ना हुई तो जितना संभव हो सकेगा करियर उतना लंबे करेंगे।’ वजन को लेकर चुनौती पर सुजीत ने कहा, ‘हमारे जो न्यूट्रिशनिस्ट हैं, जो न्यूट्रिशन वाली टीम है, वो भी खास करके हमें प्लान भेजती है। हमें इतने साल हो गए पहलवानी करते तो हमें नॉलेज तो है ही। हम उबला हुआ खाना खाते हैं और फैट नहीं लेते हैं।’

डोपिंग को लेकर क्या बोले सुजीत

डोपिंग से बचने के सवाल पर सुजीत ने कहा, ‘मेरा सर्कल ही ऐसा नहीं है कि इन चीजों को के बारे में मेरे को कोई बताए या मिसगाइड करे कि यह ची कंज्यूम कर लो। इससे परफॉर्मेंस अप होगी। मेरा सर्कल ही ऐसा है कि बस नेचुरल जो हम खाते-पीते हैं, उसी पर ध्यान रहे।’

किसी नियम में बदलाव नहीं चाहते सुजीत

सुजीत से अंत में यह सवाल हुआ कि क्या वह कुश्ती के किसी नियम में बदलाव चाहते हैं तो उन्होंने कहा, ‘ऐसा कोई नियम नहीं है। जो भी नियम बनेगा हम उसका पालन करेंगे और क्योंकि वो तो सबके लिए बराबर है। तो हम हर ची के लिए तैयार हैं। आसान तो कोई चीज नहीं होती है। तो जितनी मुश्किल होगी चीजें, उतना ही मजा आएगा।’

पांच भारतीयों ने लगाई पदकों की हैट्रिक

एशियन गेम्स 2026 में भारत के पांच खिलाड़ियों ने तीन-तीन पदक जीतकर खास उपलब्धि हासिल की। कुमकुम मोहोद और नीरू ढांडा ने दो स्वर्ण सहित तीन पदक जीते, जबकि विद्या रामराज, गुलवीर सिंह और रुद्रांक्ष पाटिल ने भी पदकों की हैट्रिक पूरी की। क्रिकेट, कबड्डी और हॉकी में महिला और पुरुष दोनों टीमों ने स्वर्ण पदक जीता। पूरी खबर पढ़ें।