मेजर लीग क्रिकेट 2026 का एलिमिनेटर मुकाबला वाशिंगटन फ्रीडम और एमआई न्यूयॉर्क के बीच खेला गया। इस मैच में वाशिंगटन फ्रीडम ने कप्तान स्टीव स्मिथ और एंड्रिस गौस की शतकीय पारी के दम पर एमआई न्यूयॉर्क को 6 विकेट से हरा दिया और चैलेंजर राउंड में जगह बना ली जहां उसका मुकाबला सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स से होगा। इस मैच में जीतने वाली टीम फाइनल में पहुंच जाएगी। इस मैच में वाशिंगटन फ्रीडम ने टी20 इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर चेज किया और पंजाब किंग्स का रिकॉर्ड टूट गया।
वाशिंगटन फ्रीडम और एमआई न्यूयॉर्क के बीच खेला गया काफी रोमांचक और हाई स्कोरिंग रहा। इस मैच में वाशिंगटन फ्रीडम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। इसके बाद एमआई न्यूयॉर्क ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 266 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, लेकिन वाशिंगटन फ्रीडम ने 18.4 ओवर में 4 विकेट पर 270 रन बनाकर मैच जीत लिया। इस मैच में कुल 536 रन बने और एंड्रिस गौस को उनकी शतकीय पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। एमआई न्यूयॉर्क के लिए खेली गई निकोलस पूरन की शतकीय और कप्तान किरोन पोलार्ड की अर्धशतकीय पारी बेकार हो गई।
स्टीव स्मिथ और गौस ने लगाए शतक
वाशिंगटन फ्रीडम को जीत के लिए 267 रन का टारगेट मिला था जो काफी मुश्किल था, लेकिन इस टीम के लिए कप्तान स्टीव स्मिथ ने 48 गेंदों पर 9 छक्के और 7 चौकों के साथ नाबाद 110 रन की पारी खेली। स्मिथ ने अपना शतक इस दौरान 40 गेंदों पर पूरा किया। वहीं एंड्रिस गौस ने 12 छक्के और 10 चौकों की मदद से 51 गेंदों पर 132 रन की पारी खेलकर टीम की जीत सुनिश्चित कर दी। स्मिथ और गौस के बीच तीसरे विकेट के लिए 89 गेंदों पर 241 रन की साझेदारी भी हुई। एमआई न्यूयॉर्क के लिए शाकिब अल हसन ने सबसे ज्यादा 2 विकेट लिए।
पूरन और पोलार्ड की पारी हुई बेकार
एमआई न्यूयॉर्क ने इस मैच में पर्याप्त स्कोर बनाया था, लेकिन इस टीम के गेंदबाज 267 रन के स्कोर को डिफेंड नहीं कर पाए। एमआई न्यूयॉर्क के लिए निकोलस पूरन ने तूफानी पारी खेलते हुए 33 गेंदों पर 13 छक्के और 5 चौकों के साथ 106 रन की पारी खेली जबकि कप्तान किरोन पोलार्ड ने भी तूफानी अंदाज में बैटिंग करते हुए 8 छक्के और एक चौके के साथ 25 गेंदों पर 64 रन की बेहद तेज पारी खेली। वाशिंगटन फ्रीडम के लिए रचिन रविंद्र ने जबरदस्त गेंदबाजी की और 4 ओवर में 29 रन देकर 4 विकेट लिए।
वाशिंगटन फ्रीडम ने तोड़ा पंजाब किंग्स का रिकॉर्ड
स्टीव स्मिथ की कप्तानी वाली वाशिंगटन फ्रीडम ने टी20 इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर चेज किया और पंजाब किंग्स का रिकॉर्ड टूट गिया। इससे पहले टी20 क्रिकेट में सबसे बड़ा स्कोर चेज करने का रिकॉर्ड पंजाब किंग्स के नाम पर दर्ज था। पंजाब ने आईपीएल 2026 में दिल्ली के खिलाफ 265 रन का टारगेट चेज किया था। 267 रन चेज करने के बाद अब वाशिंगटन फ्रीडम पहले नंबर पर आ गया।
रोहित शर्मा-राहुल द्रविड़ नंबर 5, टॉप पर रहे ये दोनों; आकाश चोपड़ा ने चुनी 6 बेस्ट कप्तान-कोच की जोड़ी
आकाश चोपड़ा ने टॉप-6 बेस्ट कोच और कप्तान की जोड़ी का चयन किया जिसमें रोहित शर्मा और राहुल द्रविड़ को 5वें स्थान पर रखा जबकि पहले नंबर पर उन्होंने इस जोड़ी को जगह दी। (इस खबर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
