संजू सैमसन के जाने के बाद राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल 2026 के लिए रियान पराग को टीम का कप्तान बनाया जबकि इस टीम में यशस्वी जायसवाल, रविंद्र जडेजा जैसे खिलाड़ी मौजूद थे। माना जा रहा था कि इनमें से किसी एक को कप्तानी दी जा सकती है, लेकिन आईपीएल 2025 में रियान के कप्तान के तौर पर खराब प्रदर्शन के बाद भी राजस्थान ने उन्हें ही कप्तान बनाया।
बस मंत्री बन सकते हैं यशस्वी जायसवाल
रियान पराग को कप्तान बनाए जाने के बारे में बात करते हुए टीम इंडिया के पूर्व ओपनर बल्लेबाज श्रीकांत ने राजस्थान को आड़े हाथों लिया और इसे एक गलत फैसला बताया। अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए श्रीकांत ने कहा कि सबको पता है कि रियान पराग राजस्थान का कप्तान कैसे बना। वहां उसके साथ राजा जैसा बर्ताव किया जाता है। इसलिए यशस्वी जायसवाल तो बस मंत्री ही बन सकते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि पिछले साल पराग का सीजन अच्छा नहीं रहा था, लेकिन उससे पिछले साल उसने जबरदस्त प्रदर्शन किया था। पिछले साल यानी आईपीएल 2025 में उसने कुछ भी ऐसा कमाल (कप्तान के तौर पर) नहीं किया। आपको बता दें कि रियान पराग ने पिछले सीजन में राजस्थान की कप्तानी कई मैचों में की थी, लेकिन उसे ज्यादातर मैचों में हार ही मिली थी। वहीं पराग ने आईपीएल 2025 में लगभग 33 की औसत और 166 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से 393 रन बनाए थे। पिछले सीजन में वो राजस्थान के लिए दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बैटर थे।
खतरनाक नहीं है राजस्थान की टीम
श्रीकांत ने आगे कहा कि राजस्थान की टीम अच्छी दिख रही है और वो किसी भी टीम को अपसेट कर सकती है, लेकिन ये एक ऐसी साइड भी है जो खुद को तबाह भी कर सकती है। अगर टीम के टॉप 5 में से अगर 2 बल्लेबाज चल गए तो वो आईपीएल में किसी भी विरोधी टीम को स्मैश कर देंगे। यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी का टीम में होना टीम का बिगेस्ट प्लस प्वाइंट है। ये अपने दम पर मैच को जीतने की ताकत रखते हैं, लेकिन ये अच्छी टीम है पर खतरनाक नहीं। ये चैंपियनशिप विनिंग साइड नहीं है और प्लेऑफ में पहुंचने का इस टीम के पास 50-50 का मौका है।
ये खबरें भी पढ़ें
