ईरान और इजरायल के बीच जारी युद्ध के कारण कई जगहों का एयर स्पेस बंद है। इसी कारण लोगों को फ्लाइट्स से आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बीच भी यही समस्या सामने आई थी। वेस्टइंडीज, साउथ अफ्रीका की टीमें अभी भी भारत में ही फंसी हैं। जैसे-तैसे चार्टर्ड विमानों से टीमों को भेजना का प्रबंध किया जा रहा है। इसी बीच अब एक टी20 और वनडे सीरीज भी रद्द हो गई है।
आईपीएल के शेड्यूल में भी हो रही देरी
वहीं आईपीएल 2026 का शेड्यूल भी अभी तक नहीं आया है क्या इसमें भी देरी का यही कारण हो सकता है? आईपीएल में भी वेस्टइंडीज, साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड समेत कई देशों के विदेशी खिलाड़ी खेलते हैं। ऐसे में विदेशी खिलाड़ियों की उपलब्धता पर संदेह बना हुआ हो सकता है। यही कारण भी शायद है कि अभी तक टूर्नामेंट का शेड्यूल नहीं जारी हुआ है।
क्योंकि अभी तक वर्ल्ड कप के बाद ही कई प्रमुख टीमों के विदेशी खिलाड़ी अपने देश नहीं लौट पाए हैं। उसमें एडेन मार्कराम, क्विंटन डी कॉक, शिमरोन हेटमायर, लुंगी एनगिडी, रयान रिकल्टन, कगिसो रबाडा, शेरफेन रदरफोर्ड, जेसन होल्डर जैसे तमाम नामी खिलाड़ी हैं जो आईपीएल टीमों का हिस्सा हैं। 28 मार्च से आईपीएल 2026 की शुरुआत होनी है।
श्रीलंका-अफगानिस्तान सीरीज रद्द
श्रीलंका क्रिकेट की तरफ से एक अधिकारी ने सोमवार को जानकारी दी कि उनकी पुरुष नेशनल टीम अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी वनडे और टी20 सीरीज नहीं खेल पाएगी। यह सीरीज इस हफ्ते से यूएई में शुरू होनी थी, लेकिन ईरान-इजरायल के बीच तनाव के कारण दुबई और संयुक्त अरब अमीरात के कई क्षेत्रों में रेड अलर्ट है। दुबई एयरपोर्ट भी बंद करने की खबरें सामने आई थीं।
एएफपी को श्रीलंका क्रिकेट के अधिकारी ने बताया,”हमें मौजूदा युद्ध के कारण फ्लाइट्स की हालिया स्थिति को देखते हुए इसे (सीरीज को) कैंसिल करना पड़ रहा है।” इस सीरीज के तीन टी20 13, 15 और 17 मार्च को शारजाह में होने थे। वहीं दुबई में 20, 22 और 25 मार्च को तीन वनडे मैचों की सीरीज खेली जानी थी। इस सीरीज की मेजबान अफगानिस्तान टीम थी।
यह भी पढ़ें- टीम इंडिया को बनाया था वर्ल्ड चैंपियन, अब श्रीलंका की टीम ने दिग्गज को बनाया अपना हेड कोच
यह भी पढ़ें- रिंकू सिंह ने पिता को खोया, इशान किशन की बहन का निधन: ये भी है टी20 वर्ल्ड कप 2026 का सच
