श्रीलंका क्रिकेट टीम ने मौजूदा विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC 2025-27) में सफर की शुरुआत 1-0 से सीरीज जीतते हुए की थी। उसके बाद टीम की गाड़ी पटरी से उतर गई। पहले वेस्टइंडीज और फिर भारत ने श्रीलंका को 1-0 से टेस्ट सीरीज में हराया। लगातार दो सीरीज हारने के बाद पाकिस्तान दौरे से पहले श्रीलंकाई टेस्ट कप्तान धनंजय डी सिल्वा ने कप्तानी छोड़ने का फैसला किया है।

श्रीलंका के टेस्ट कप्तान धनंजय डी सिल्वा ने तुरंत प्रभाव से कप्तानी से इस्तीफा देते हुए कहा है कि अब अगली पीढी को बागडोर सौंपने का समय आ गया है। अपने करियर में 69 टेस्ट खेलकर 13 शतक समेत 4431 रन बनाने वाले 35 वर्ष के धनंजय ने साफ किया है कि, बतौर खिलाड़ी वह चयन के लिए उपलब्ध रहेंगे।

जनवरी 2024 में श्रीलंका के टेस्ट कप्तान बनाए गए डी सिल्वा ने श्रीलंका क्रिकेट चयन समिति को अपने फैसले से अवगत करा दिया है। उन्होंने चयन समिति को लिखे पत्र में कहा,”मेरा मानना है कि अब बागडोर अगली पीढ़ी को सौंपी जानी चाहिए।”

श्रीलंका क्रिकेट के सीईओ एशले डिसिल्वा ने क्रिकेट के पारंपरिक प्रारूप में योगदान के लिए धनंजय को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा,”श्रीलंका क्रिकेट उन्हें भविष्य के लिये शुभकामना देता है और बतौर कप्तान योगदान के लिए धन्यवाद।”

धनंजय डी सिल्वा का बतौर कप्तान कैसा रहा रिकॉर्ड?

धनंजय डी सिल्वा ने 2024 में दिमुथ करुणारत्ने के बाद टीम की कमान संभाली थी। उन्होंने 18 टेस्ट मैचों में टीम की कप्तानी की और इसमें से 7 मैच श्रीलंका ने जीते भी। बतौर कप्तान धनंजय के बल्लेबाजी रिकॉर्ड की बात करें तो उन्होंने 36.45 की औसत से 1130 रन बनाए। वहीं 44.44 की औसत से गेंदबाजी में उन्होंने 9 विकेट भी झटके।

WTC 2025-27 में श्रीलंका का क्या है हाल?

विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 के मौजूदा हाल की बात करें तो श्रीलंका अंकतालिका में 7वें स्थान पर है। उसने अब तक 6 में से एक मैच जीता है और दो मुकाबलों में उसे हार मिली है। बल्कि तीन मैच इस संस्करण में श्रीलंकाई टीम ने ड्रॉ करवाए हैं। उसके कुल 24 अंक हैं और पर्सेंटाइल 33.33 है। श्रीलंका की टीम 9 नवंबर से 21 नवंबर तक पाकिस्तान के दौरे पर दो टेस्ट मैच खेलेगी। अब देखना होगा किसे टीम की कमान सौंपी जाती है। इसके बाद श्रीलंकाई टीम न्यूजीलैंड के दौरे पर जाएगी।

IND A vs AUS A: प्रियांश-प्रभसिमरन ओपनर, साई सुदर्शन OUT, दूसरे वनडे के लिए इंडिया ए की संभावित प्लेइंग 11

इंडिया ए और ऑस्ट्रेलिया ए के बीच तीन मैचों की अनौपचारिक वनडे मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला 9 अक्टूबर 2026 को पुडुचेरी में ही होगा। इस मैच में इंडिया ए की प्लेइंग 11 में एक बदलाव दिख सकता है। क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर