वैभव सूर्यवंशी ने अपने खेल के जरिए हर किसी के दिल में घर बना लिया है और आज हर कोई उनसे मिलने व उनकी एक झलक पाने को बेताब रहता है। भारत में उनके फैंस की कोई कमी नहीं है साथ ही विदेशी धरती पर भी उनके चाहने वालों की संख्या दिन ब दिन बढ़ती जा रही है। वैभव के फैंस ना सिर्फ आम लोग हैं बल्कि खेल जगत व अन्य क्षेत्र से जुड़े लोग भी उन्हें खूब पसंद करते हैं और उनकी उपलब्धियों व उनके खेल को सराहते अक्सर नजर आते हैं।

वैभव को पसंद करने वालों में हर उम्र के लोग हैं और इसकी बानगी इंडिया ए बनाम श्रीलंका ए मैच के दौरान देखने को मिली जो 15 जून को दांबुला में खेला गया था। दांबुला में वैभव से मिलने के लिए श्रीलंका वनडे क्रिकेट टीम के सबसे पहले कप्तान अनुरा टेनेकुन पहुंचे जिनकी उम्र अभी 80 साल है और उन्होंने वैभव से मिलने के लिए एक घंटा तक इंतजार किया। यही नहीं अनुरा टेनेकुन वैभव से मिलने कोलंबो से दांबुला 161 किलोमीटर की दूरी तय करके पहुंचे।

वैभव से मिलने के लिए तय की 161 किलोमीटर की दूरी

वैभव मैच समाप्त होने के बाद जब ड्रेसिंग रूप से बाहर आए तो वो थके हुए लग रहे थे, लेकिन अनुरा टेनेकुन को देखते ही उनके चेहरे का भाव बदल गया और वो सहज हो गए। 15 साल के वैभव उनके पास पहुंचे और उनके पैर छुए और इसके बाद अनुरा टेनेकुन ने तुरंत उन्हें गले लगा लिया। उन दोनों के बीच कुछ पल ही बातचीत हुई, लेकिन ये वैभव के लिए काफी था क्योंकि अनुरा ने उन्हें अपने जीवन के अनुभव से बेहद अहम सुझाव दिया।

80 साल के अनुरा ने किया एक घंटा इंतजार

अनुरा टेनेकून ने वैभव से कहा कि तुम अपने खेल पर ध्यान दो और बाहर की बातों पर ध्यान मत दो। उन्होंने आगे कहा कि आज के मैच में बदकिस्मती से तुम लय नहीं पकड़ पाए, लेकिन यह खेल का हिस्सा है और हर दिन आप लय में नहीं रह सकते। उनकी बात सुनकर वैभव सूर्यवंशी ने चुपचाप अपना सिर हिलाया और उनकी बात पर अपनी सहमति जाहिर की। अनुरा टेनेकुन ने कहा कि मैं आईपीएल में उनकी बल्लेबाजी से बहुत प्रभावित हुआ था। वो जिस तरह से वह छक्के और चौके लगाते हैं, वह वाकई अविश्वसनीय है। मुझे उम्मीद है कि वह इसी तरह खेलते रहेंगे।

वैभव एक रूप अनेक; पूर्व श्रीलंकाई खिलाड़ी के पैर छूकर लिया आशीर्वाद, वहीं बदतमीजी करने वाले को दिया करारा जवाब

वैभव सूर्यवंशी के एक ही दिन में दो रूप सामने आए जो काफी हैरान करता है। श्रीलंका ए के खिलाफ एक तरफ जिस खिलाड़ी ने उन पर तीखी टिप्पणी की उसे उन्होंने सबक सिखाने का काम किया तो दूसरी तरफ उन्होंने श्रीलंका के पूर्व खिलाड़ी से आशीर्वाद लिया। (इस खबर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)