भारतीय क्रिकेट टीम को अपने कार्यकाल में वर्ल्ड चैंपियन बनाने वाले दिग्गज गैरी कर्स्टन को श्रीलंका ने अपना नया हेड कोच नियुक्त किया है। श्रीलंका क्रिकेट द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक कर्स्टन अब 15 अप्रैल 2026 से बतौर हेड कोच श्रीलंकाई टीम में अपना पद संभालेंगे। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खराब प्रदर्शन के बाद लगातार सनथ जयसूर्या पर तलवार लटक रही थी और अब आधिकारिक रूप से साउथ अफ्रीका के दिग्गज ने यह जिम्मेदारी संभाल ली है।
गैरी कर्स्टन की कोचिंग में ही एमएस धोनी की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने 2011 वर्ल्ड कप जीता था। अब श्रीलंका ने दिग्गज को दो साल के अनुबंध के साथ टीम का हेड कोच बनाया है। जयसूर्या ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर 8 से टीम के बाहर होने के बाद पद छोड़ने की जानकारी दी थी। वहीं वर्ल्ड कप में कर्स्टन नामीबिया की टीम के साथ बतौर कंसल्टेंट जुड़े हुए थे।
गैरी कर्स्टन का कैसा है कोचिंग अनुभव
गैरी कर्स्टन का बतौर होड कोच भारत के साथ जहां स्वर्णिम दौर था। वहीं इसके बाद 2024 में वह पाकिस्तान क्रिकेट टीम के व्हाइट बॉल कोच थे। वहां उनके और खिलाड़ियों व बोर्ड के बीच विवाद की खबरें आईं थीं। आईपीएल में भी गैरी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के साथ बतौर बैटिंग कोच रहे चुके हैं। साल 2022 में गुजरात टाइटंस के भी वह बल्लेबाजी कोच थे और टीम ने पहले सीजन में ही अपना पहला खिताब भी जीता था।
गैरी कर्स्टन अपने समय के एक बेहतरीन बल्लेबाज रहे हैं। उन्होंने साउथ अफ्रीका के लिए 101 टेस्ट और 185 वनडे मुकाबले खेले हैं। उनके नाम 7289 टेस्ट रन और 6798 एकदिवसीय रन दर्ज हैं। अब वह अगले दो साल तक श्रीलंका के लिए बतौर हेड कोच अपना कार्य करेंगे।
इस दौरान वनडे वर्ल्ड कप 2027 जैसा बड़ा टूर्नामेंट भी खेला जाएगा। यह टूर्नामेंट साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की मेजबानी में होगा। अब देखना होगा कि श्रीलंकाई टीम कर्स्टन के अनुभव का कितना इस्तेमाल कर पाती है।
यह भी पढ़ें- रिंकू सिंह ने पिता को खोया, इशान किशन की बहन का निधन: ये भी है टी20 वर्ल्ड कप 2026 का सच
यह भी पढ़ें- संजू-साहिबजादा ओपनर, सूर्या नहीं यह खिलाड़ी कप्तान; ICC ने चुनी टी20 वर्ल्ड कप की टीम ऑफ द टूर्नामेंट
