गौतम गंभीर ने बतौर भारतीय हेड कोच इतिहास रच दिया और वो टीम इंडिया के पहले ऐसे कोच बने जिन्होंने दो आईसीसी खिताब जीते। गंभीर के मार्गदर्शन में भारत ने पहले साल 2025 में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीता और फिर टी20 वर्ल्ड कप 2026 का टाइटल अपने नाम किया। गंभीर की इस कामयाबी के बाद अब टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने उन्हें बड़ी चेतावनी दी।

साउथ अफ्रीका में होगी गंभीर की असली परीक्षा

भारत की टी20 वर्ल्ड कप जीत के बाद पूर्व कप्तान सौरव गांगुली का मानना ​​है कि गंभीर की सबसे बड़ी चुनौती अभी बाकी है। गांगुली के मुताबिक भारतीय कोच की असली परीक्षा क्रिकेट वर्ल्ड कप 2027 में होगी जिसकी मेजबानी दक्षिण अफ्रीका करेगा। गांगुली ने मनी कंट्रोल से बात करते हुए कहा कि गंभीर की असली परीक्षा 2027 में साउथ अफ्रीका में होगी। वहां जिस तरह के हालात हैं वहां उनके सामने चुनौती होगी, लेकिन मुझे पूरा भरोसा है कि उनके पास जो टीम है उसके साथ वह इस चुनौती को पार कर लेंगे।

भारत के टेस्ट क्रिकेट में सुधार की जरूरत

गांगुली ने यह भी बताया कि भारत को टेस्ट क्रिकेट में अपने प्रदर्शन में सुधार करने की जरूरत है। खास बात यह है कि जब से गंभीर ने हेड कोच का पद संभाला है भारत अपने घरेलू मैदान पर न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दो टेस्ट सीरीज हार चुका है। इसके अलावा भारत बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2024-25 को अपने पास बनाए रखने में भी नाकाम रहा था।

अच्छी पिचों पर ही मिलेंगे नतीजे

गांगुली ने कहा कि रेड बॉल क्रिकेट में उन्हें बेहतर करने की जरूरत है और ऐसा करने का तरीका यह है कि वे पिच के बारे में कम सोचें। उन्हें पिच की सोच को अपने दिमाग से पूरी तरह निकाल देना चाहिए। इंग्लैंड के खिलाफ हुए टेस्ट सीरीज का ही उदाहरण ले लीजिए। वे पिच के बारे में कुछ नहीं कर पाए और आप नतीजे देख ही सकते हैं। उन्हें अपने घरेलू मैदान पर टर्निंग पिचों पर खेलने की जरूरत नहीं है और अच्छी पिचों पर ही अच्छे नतीजे मिलेंगे।

गांगुली ने गंभीर का किया समर्थन

गांगुली ने यह साफ किया कि वह गंभीर का समर्थन करते हैं और टीम के साथ अच्छा काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गौतम एक बहुत अच्छे कोच हैं। अगर आपको याद हो तो बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी से पहले मैंने कहा था कि आपको इस आदमी को थोड़ा समय देना चाहिए। व्हाइट बॉल कोच के तौर पर वह बहुत अच्छे हैं खासकर इन परिस्थितियों में। उनके पास एक बहुत अच्छी टीम है और वह एक बहुत अच्छे कोच हैं।

ये खबरें भी पढ़ें

‘मगर बड़े मैचों में ‘रास्कल’ बन जाते हैं अभिषेक शर्मा’, भारतीय ओपनर को लेकर ब्रैड हैडिन का बड़ा बयान

गेल-डुप्लेसिस ओपनर, कोहली नंबर 3; दिनेश कार्तिक ने चुनी RCB की ऑल-टाइम प्लेइंग 11, एबी को भी दी जगह