भारत के दिग्गज खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर और सौरव गांगुली की जोड़ी एक जमाने में क्रिकेट जगत में सबसे ज्यादा प्रसिद्ध थी। दोनों ने मिलकर लंबे समय तक भारत के लिए ओपनिंग बल्लेबाजी की। वीरेंद्र सहवाग के आने से पहले तक दोनों ने पारी की शुरुआत की थी। सचिन और सौरव के कई किस्से मशहूर हैं। गांगुली ने ही एक बार बताया था कि सचिन और विनोद कांबली ने उनके कमरे में पानी भर दिया था। ऐसा दोपहर में सिर्फ सोने के कारण हुआ था।
दरअसल, स्पोर्ट्स एंकर गौरव कपूर ने तीन साल पहले अपने यूट्यूब चैनल ‘ऑकट्री स्पोर्ट्स’ पर गांगुली के इंटरव्यू का वीडियो पोस्ट किया था। उसमें गांगुली ने कहा, ‘‘तब मैं 14 साल का था। इंदौर में नेशनल कैंप था। उस समय वासु सर सबको बहुत दौड़ाते थे। हम सब थक चुके थे। मैं दोपहर को सो गया था। रविवार को छुट्टी थी। मैं और मेरा दोस्त सो रहे थे। पांच बजे नींद खुली तो देखा कि कमरे में पानी ही पानी है। सूटकेस और जूते तैर रहे थे। मुझे लगा कि अंदर से पाइप फट गया है।’’
गांगुली ने आगे बताया था, ‘‘मैं बाथरूम में गया तो वह सूखा हुआ था। फिर कमरा खोला तो देखा कि सचिन तेंदुलकर और विनोद कांबली गेट पर थे। दोनों और ज्यादा पानी डालने वाले थे। मैंने कहा कि ये कर रहे हो यार तो उसने कहा कि दोपहर को सो क्यों रहे हो। टेनिस बॉल से खेलने चलो। मैंने कहा कि दरवाजे को नॉक कर सकते थे। उस दौरान पहली बार सचिन को करीब से देखा था। लंबे-लंबे बाल थे। मुंबई से वह था तो उसका नाम ज्यादा लिया जाता था, क्योंकि उस दौर में मुंबई के खिलाड़ियों को लेकर शोर ज्यादा मचता था।’’
गांगुली ने आगे कहा था, ‘‘सचिन को नेट से निकालना पड़ता था। वह सिर्फ बल्लेबाजी करते रहता था। वासु सर जबरदस्ती उसे नेट से निकालते थे। तब से ही मुझे पता था कि इस लड़के में कुछ अलग है। उसके पूरे करियर को नजदीक से देखा हैं। उसे अंदर से जानता हूं। वह क्रीज पर क्या करना चाहता है और क्यों गुस्सा है। सब जानता हूं।’’ गांगुली ने 2008 और सचिन ने 2013 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया था।