सैम करन ने पल्लेकेले में पहले टी20 में श्रीलंका के खिलाफ इंग्लैंड को 11 रन से जीत (डकवर्थ लुईस स्ट्रेन) दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने अपने पहले स्पेल में खूब रन लुटाने के बाद शानदार वापसी करते हुए हैट्रिक ली। इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी कर रहे करन को टी20 वर्ल्ड कप के लिए इंग्लैंड की टीम में भी शामिल किया गया है। वह टी20 इंटरनेशनल में हैट्रिक लेने वाले इंग्लैंड के सिर्फ दूसरे खिलाड़ी बने। उनसे पहले क्रिस जॉर्डन ने 2024 टी20 वर्ल्ड कप में अमेरिका के खिलाफ ऐसा किया था।

बारिश के कारण देरी से शुरू हुए मैच को 17-17 ओवर का कर दिया गया था। करन ने अपने पहले स्पेल में पहला और सातवां ओवर फेंका। उन्होंने पहले ओवर में 16 रन दिए और फिर सातवें ओवर में कुसल मेंडिस ने 20 रन बनाए। करन 16वें में गेंदबाजी के लिए लौटे तब श्रीलंका का स्कोर 125/6 था। स्पिनर आदिल राशिद और लियाम डॉसन ने शानदार गेंदबाजी की। मेजबान टीम के अच्छा स्कोर बनाने की उम्मीदें दासुन शनाका और वानिंदु हसरंगा पर टिकी थीं।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए इंग्लैंड की टीम

करन ने हैट्रिक ली

करन ने ओवर की चौथी गेंद पर शनाका को मिडऑफ पर कैच आउट करवा दिया। इसके बाद अगली ही गेंद पर महेश तीक्ष्णा लॉन्ग ऑन पर कैच आउट हो गए। फिर करन ने मतीशा पथिराना को बोल्ड करके ओवर और हैट्रिक पूरी की। हसरंगा अगले ओवर की दूसरी गेंद पर जेमी ओवरटन का शिकार हो गए और श्रीलंका की टीम 16.2 ओवर में सिर्फ 133 रन बनाकर ऑल आउट हो गई।

इंग्लैंड 11 रनों से जीता

फिर फिल साल्ट और जोस बटलर ने सिर्फ 17 गेंदों में 36 रनों की ओपनिंग साझेदारी की। साल्ट मैच के आखिरी ओवर तक टिके रहे। वह 35 गेंदों में 46 रन बनाकर शनाका का शिकार हुए। उस ओवर के आखिर में बारिश फिर से शुरू हो गई। इंग्लैंड को 12 गेंदों में जीतने के लिए सिर्फ 10 रन चाहिए थे। इसके बाद और खेल नहीं हो सका और इंग्लैंड डकवर्थ लुईस स्ट्रेन नियम के तहत 11 रन आगे था।