भारत बनाम इंग्लैंड पांच मैच की सीरीज का पहला टी20 भले ही बारिश की भेंट चढ़ गया हो, लेकिन भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर के लिए यह बहुत बड़ी उपलब्धि लेकर आया। श्रेयस अय्यर ने बेनतीजा रहे इस मैच में अर्धशतक लगाया। ऐसा करते ही वह इंग्लैंड में टी20 इंटरनेशनल में अर्धशतक लगाने वाले पहले भारतीय कप्तान बन गए। श्रेयस अय्यर से पहले विराट कोहली, एमएस धोनी और रोहित शर्मा भी इंग्लैंड में बतौर भारतीय टी20 कप्तान खेले, लेकिन कभी भी अर्धशतक की सीमा पार नहीं कर पाए।

चेस्टर ली स्ट्रीट में खेले गए इस मुकाबले में एक पारी का ही खेल हो पाया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 189 रन बनाए। कप्तान श्रेयस अय्यर ने सर्वाधिक 68 रन की पारी खेली। 47 गेंदों की इस पारी में उन्होंने छह चौके और एक छक्का भी लगाया। यह इंग्लैंड की सरजमीं पर किसी भारतीय कप्तान का टी20 में पहला अर्धशतक था।

इससे पहले विराट कोहली ने 2018 में बतौर कप्तान टी20 मुकाबले में 47 रन बनाए थे। अब 8 साल बाद अय्यर ने विराट का यह रिकॉर्ड तोड़ दिया है। इससे पहले टी20 इंटरनेशनल में यहां भारत के लिए रोहित शर्मा, एमएस धोनी, विराट कोहली जैसे दिग्गजों ने कप्तानी की है। मगर इनमें से कोई भी बतौर कप्तान इंग्लैंड में टी20 का पचासा नहीं लगा पाया। श्रेयस ने अपने तीसरे टी20 इंटरनेशनल में ही बतौर कप्तान यह कमाल कर दिया।

श्रेयस अय्यर का सबसे धीमा पचासा

श्रेयस अय्यर ने इस मुकाबले में 38 गेंद पर पचासा पूरा किया। यह उनके टी20 इंटरनेशनल करियर का 9वां पचासा था और सबसे धीमा भी था। इससे पहले उन्होंने अपने सभी 8 अर्धशतक 38 गेंद से कम में ही बनाए थे। वहीं बतौर कप्तान टी20 इंटरनेशनल में भी यह श्रेयस का पहला अर्धशतक था। इससे पहले आयरलैंड सीरीज में दोनों मुकाबलों में उनका बल्ला नहीं चल पाया था। हालांकि, बतौर कप्तान अय्यर को अपनी पहली जीत का अभी भी इंतजार है।

पहला टी20 बारिश की भेंट चढ़ा

पहला मुकाबला चेस्टर ली स्ट्रीट के रिवरसाइड ग्राउंड में हुआ। बारिश के कारण इस मैच में नतीजा नहीं निकल सका और मुकाबला रद्द हो गया। भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी। भारतीय टीम ने पहले खेलते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 189 रन बनाए। इंग्लैंड को 190 रन का लक्ष्य मिला। फिर बारिश ने मैच के बीच दस्तक दी और रुकी ही नहीं। अंत में इस मैच को रद्द कर दिया गया। इंग्लैंड की पारी में एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी। अब दूसरा टी20 मैच 4 जुलाई को मैनचेस्टर में खेला जाएगा।

5, 0, 1; संजू सैमसन को अचानक क्या हुआ? लगातार तीन पारियों में फ्लाप; क्या वैभव सूर्यवंशी के लिए बन रहा रास्ता?

संजू सैमसन ने आयरलैंड के खराब दौरे के बाद अब इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 में भी निराश किया। वह 7 गेंद खेलकर सिर्फ 1 रन बना पाए। उनके लगातार खराब प्रदर्शन से वैभव सूर्यवंशी के लिए रास्ता बनता दिख रहा है। क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर