श्रेयस अय्यर ने भारतीय टी20 कप्तान के तौर पर अपनी पारी की शुरुआत आयरलैंड दौरे के साथ की और उनकी कप्तानी में टीमों इंडिया को दो मैचों की सीरीज में 0-2 से हार मिली। आयरलैंड दौरे पर श्रेयस ना तो कप्तान के तौर पर सफल हो पाए और ना ही उनका बल्ला चला। यानी दोनों मोर्चे पर श्रेयस फेल हो गए और चर्चा होने लगी कि क्या उन्हें कप्तान बनाए जाने का फैसला सही भी है कि नहीं।

अब बारी आई इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज की जिसमें भारत ने अपना पहला मैच चेस्टर ली स्ट्रीट में बुधवार को खेला। हालांकि बारिश की वजह से ये मैच पूरा नहीं हो पाया, लेकिन सबसे सुखद पहलू ये रहा कि श्रेयस ने अपना वही अंदाज दिखाया जिसके लिए वो जाने जाते हैं। भारत ने इस मैच में अपने पहले दो विकेट सिर्फ 6 रन पर गंवा दिए और फिर श्रेयस ने टीम के लिए अहम 68 रन की पारी खेली।

श्रेयस-अभिषेक ने की अर्धशतकीय साझेदारी

इंग्लैंड के खिलाफ पहले मैच में श्रेयस अय्यर ने तीसरे विकेट के लिए अभिषेक शर्मा के साथ मिलकर 38 गेंदों पर 82 रन, फिर चौथे विकेट के लिए तिलक वर्मा के साथ 32 गेंदों पर 36 रन और इसके बाद शिवम दुबे के साथ पांचवें विकेट के लिए 25 गेंदों पर 41 रन की अहम साझेदारी करते हुए टीम को मुश्किल से निकाला और मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। इस मैच में भारत ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 189 रन बनाए और ये एक ऐसा स्कोर था जहां टीम इंडिया को जीत भी मिल सकती थी।

श्रेयस ने बना डाला महारिकॉर्ड

श्रेयस ने इंग्लैंड की धरती पर बतौर कप्तान टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अपना पहला अर्धशतक लगाया और उन्होंने एक महारिकॉर्ड भी बना डाला। श्रेयस ने इंग्लैंड की धरती पर इंग्लैंड के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में बतौर भारतीय कप्तान पहला अर्धशतक लगाने का कमाल किया। इंग्लैंड की धरती पर इससे पहले रोहित शर्मा, विराट कोहली, एमएस धोनी जैसे भारतीय कप्तान भी टी20आई में कभी अर्धशतक नहीं लगा पाए थे।

श्रेयस ने की रोहित की बराबरी

श्रेयस अय्यर ने बतौर भारतीय कप्तान इंग्लैंड के खिलाफ 68 रन की पारी खेली और रोहित शर्मा की बराबरी पर आ गए। टी20आई में भारतीय कप्तान के तौर पर इंग्लैंड के खिलाफ 50 प्लस की पारी खेलने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में अब श्रेयस और रोहित बराबरी पर हैं। दोनों ने एक-एक बार ये कमाल किया है जबकि विराट कोहली ने ऐसा 3 बार किया था। कोहली ने इंग्लैंड के खिलाफ 11 पारियों में 3 बार 50 प्लस पारी टी20आई में खेली थी जबकि रोहित ने 5 पारियों में एक बार ऐसा किया था तो वहीं श्रेयस ने इंग्लैंड के खिलाफ बतौर कप्तान पहले ही मैच में 50 प्लस पारी खेलने का कमाल कर दिया।

T20I में इंग्लैंड के खिलाफ भारतीय कप्तानों द्वारा 50+ रन (पारी)
3 – विराट कोहली (11 पारी)
1 – श्रेयस अय्यर (1 पारी)
1 – रोहित शर्मा (5 पारी)

अभिषेक को पीछे छोड़ इशान बने नंबर 1 बैटर; आईसीसी की T20I बैटिंग रैंकिंग में टॉप-10 में 4 भारतीय

आईसीसी की ताजा पुरुष टी20आई बैटिंग रैंकिंग में इशान किशन ने अभिषेक शर्मा को पीछे छोड़ दिया और दुनिया के नंबर 1 बैटर बन गए। ताजा रैंकिंग में टॉप-10 बल्लेबाजों में 4 भारतीय मौजूद हैं। (इस खबर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)