भारत को सुपर 8 के पहले ही मुकाबले में साउथ अफ्रीका के हाथों 76 रन से हार मिली और इस हार के बाद टीम इंडिया की कई कमियां एक साथ सामने आ गई। इस हार के बाद डिफेंडिंग चैंपियन को ऐसी मुश्किल स्थिति में डाल दिया है जहां जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज के खिलाफ बाकी बचे मैचों में जीत भी सेमीफाइनल में जगह पक्की करने के लिए काफी नहीं होगी।

अहमदाबाद में साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारत बल्ले और गेंद दोनों से लड़खड़ा गया। बीच के ओवर्स में भारतीय गेंदबाज साउथ अफ्रीका के बल्लेबाजों को रोकने में सफल नहीं हो पाए और स्कोर 180 के पार चला गया। भारत को जीत के लिए 188 का लक्ष्य मिला था, लेकिन टीम इंडिया 111 रन पर ही सिमट गई।

भारतीय गेंदबाजों में थी आइडिया की कमी

पाकिस्तान के पूर्व पेसर शोएब अख्तर ने भारत की बॉलिंग की कमजोरी पर जोर दिया। TapMad पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह के अलावा साउथ अफ्रीकी बल्लेबाजों को रोकने के लिए भारतीय गेंदबाजों में आइडिया की कमी दिखी। उन्होंने कहा कि भारतीय गेंदबाजी की पोल खुल गई है। अगर आप वरुण को देखें तो जिनकी ताकत 97-98 किलोमीटर प्रतिघंटे की स्पीड से बॉलिंग करना है तो वो 94 की स्पीड से बॉल फेंक रहे थे और जब वो अटैक पर आए तो डेवाल्ड ब्रेविस ने उन्हें बिना देखे छक्का मारा।

120 की रफ्तार वाले बॉलर किसी को क्या डराएंगे

उन्होंने आगे कहा कि दूसरी बात हार्दिक और शिवम दुबे जैसे खिलाड़ी 120 किलोमीटर प्रतिघंटे की स्पीड से बॉलिंग कर रहे थे। ऐसा नहीं है कि वे मैल्कम मार्शल हैं जो साउथ अफ्रीका जैसी बैटिंग लाइन-अप को डरा सकते हैं। अगर आप उन्हें आखिरी ओवरों में गेंदबाजी दे रहे हैं तो प्रोटियाज का ऐसा काउंटर अटैक होना ही था। भारत ने कुलदीप यादव को साउथ अफ्रीका के खिलाफ बेंच पर बिठाकर बड़ी गलती की।

कुलदीप यादव को नहीं खिलाकर कर दी गलती

शोएब ने कहा कि मैं बस इतना कहना चाहता हूं कि यहां मिसिंग लिंक कुलदीप यादव हैं। वह ऐसे खिलाड़ी हैं जो असल में आपको हवा में धोखा दे सकते हैं और जरूरत पड़ने पर विकेट दिला सकते हैं। वह बहुत कॉम्पिटिटिव स्पिनर हैं और हम जानते हैं कि वह कितने बड़े मैच-विनर हैं। उन्होंने आगे कहा कि वरुण और सुंदर एक जैसे स्किलसेट वाले बॉलर हैं और प्रॉब्लम यह थी कि उन दोनों को बैकफुट पर धकेल दिया गया। साउथ अफ्रीका के खिलाफ इंडिया की बॉलिंग बहुत कमजोर दिखी।

ये खबरें भी पढ़ें

टी20 वर्ल्ड कप: साउथ अफ्रीका से हार के बाद भी भारत के सेमीफाइनल में पहुंचने की संभावना, समझिए पूरा समीकरण

Opinion: कुछ तो शर्म करते; टी20 वर्ल्ड कप में हार के बाद दर्द में था पूरा देश, हंस रहे थे कप्तान सूर्यकुमार यादव