भारतीय टीम ने रविवार (8 मार्च) की रात अहमदाबाद में तीसरी बार टी20 विश्व कप का खिताब जीता था। इस जीत के बाद सभी खिलाड़ियों ने जमकर जश्न मनाया। वहीं मंगलवार 10 मार्च को सभी खिलाड़ी अपने घर लौटते नजर आए। इसी में एक नाम था शिवम दुबे का। भारत के लिए इस खिलाड़ी ने कई उपयोगी पारियां खेलीं और सफर को यादगार बनाया। उनका उतना ही यादगार घर वापस लौटने का सफर भी बन गया, जब वह ट्रेन के कोच में अपर बर्थ पर खुद को छिपा रहे थे।
शिवम दुबे ने इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए अपने इस यादगार सफर का मजाकिया किस्सा खुलकर बताया। दरअसल फ्लाइट्स के टिकट सब बुक थे और दुबे को मुंबई में घर पर मौजूद बच्चों के पास पहुंचने की जल्दी थी। ऐसे में उन्होंने ट्रेन का सफर किया और अहमदाबाद-मुंबई सयाजी एक्सप्रेस का टिकट ले लिया। उन्होंने थर्ड एसी में अपनी पत्नी के साथ सफर किया और फैंस की भीड़ से खुद को बचाने के लिए कंबल से और मास्क से खुद को छिपाया।
शिवम दुबे के यादगार सफर की कहानी
शिवम दुबे ने बताया,”कोई भी फ्लाइट उपलब्ध नहीं थी, तो मैंने अहमदाबाद से सुबह जल्दी मुंबई के लिए ट्रेन लेने का फैसला किया। सड़क के रास्ते भी हम जा सकते थे लेकिन ट्रेन जल्दी पहुंचा रही थी। मैं, मेरी पत्नी और मेरा दोस्त ट्रेन में पहुंचे और थर्ड एसी का टिकट उपलब्ध था। हमने बुक कर लिया। मेरा परिवार और दोस्त सब परेशान थे कि अगर किसी ने स्टेशन या ट्रेन में पहचान लिया तो क्या होगा?”
इसके बाद भारतीय क्रिकेटर ने बताया कि कैसे उन्होंने खुद को पब्लिक से छिपाया। उन्होंने कहा,”मैंने एक टोपी पहनी, मास्क लगाया और फुल स्लीव की टी शर्ट डाली। सुबह का तकरीबन 5 बजकर 10 मिनट टाइम था और मैंने सोचा ज्यादा लोग नहीं होंगे प्लेटफॉर्म पर, लेकिन ऐसा नहीं था भारत के जीत की खुशी अभी भी स्टेशन पर दिख रही थी। काफी फैंस वहां थे, इसलिए मैंने प्लान थोड़ा बदल दिया।”
शिवम ने आगे बताया,”मैंने अपनी पत्नी को बोला कि मैं कार में ही इंतजार करूंगा और ट्रेन चलने के 5 मिनट पहले मैं निकलूंगा और फिर ट्रेन में आ जाउंगा।” जैसे-तैसे शिवम का यह प्लान पूरा हुआ और वह ट्रेन में चढ़ गए। वह अपने बुक किए गए कोच और सीट पर पहुंचते ही सीधे अपर बर्थ पर जाकर लेट गए और खुद को कंबल में छिपा लिया। उसके बाद जो हुआ वह और मजेदार था जब टीटी टिकट चेक करने पहुंचा।
“शिवम दुबे? वो कौन है, क्रिकेटर?”
जब टीटी शिवम दुबे और उनकी पत्नी की सीट पर टिकट चेक करने पहुंचा तो उसने पूछा,”शिवम दुबे? वो कौन है, क्रिकेटर? इसके बाद उनकी पत्नी अंजुम ने मामला संभाला और पहचान को छिपाने की कोशिश की। अंजुम ने कहा,”नहीं, नहीं. वो कहां से आएगा।” इसके बाद टीटी टिकट देखकर चला गया।”
शिवम ने अपने सफर के बारे में हंसते हुए आगे बताया,”रात को जब मैं अपनी सीट से उतरा और वॉशरूम गया तो कोई मुझे पहचान नहीं पाया। ट्रेन का सफर ठीक था लेकिन डर यह था कि जब बोरीवली में दिन के समय पहुंचेंगे तो तब क्या होगा। वहां मैं नहीं बच पाउंगा लोगों की नजर से। इसके बाद मैंने पुलिस को मदद के लिए कॉल किया। उनको लगा मैं एयरपोर्ट पर लैंड कर रहा, लेकिन फिर मैंने बताया कि मैं ट्रेन से आ रहा हूं। मुझे पुलिस सुरक्षा मिली और मैं आसानी से पहुंच गया।”
शिवम दुबे का टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भी रहा यादगार सफर
शिवम दुबे का सफर इस वर्ल्ड कप में भी काफी यादगार रहा। निश्चित ही वह इस सफर और ट्रेन के इस सफर दोनों को हमेशा याद रखेंगे। शिवम ने 235 रन टूर्नामेंट में 39 की औसत और 169 के स्ट्राइक रेट से बनाए। उनके बल्ले से 17 छक्के और 15 चौके पूरे टूर्नामेंट में निकले। फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ 8 गेंद पर उन्होंने उपयोगी 26 रन भी बनाए। कोच गौतम गंभीर और कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी उनके इस रोल को हमेशा सराहा।
यह भी पढ़ें- भारत अब ऑस्ट्रेलिया से एक कदम दूर, पाकिस्तान भी लिस्ट का हिस्सा; ये हैं सबसे ज्यादा ICC टूर्नामेंट जीतने वाले देश
यह भी पढ़ें- “संजू सैमसन बन सकते हैं कप्तान”: भारतीय दिग्गज का बड़ा बयान, टीम इंडिया के नए टी20 कैप्टन पर दी राय
