T20 world cup 2026: भारत को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के अपने चौथे लीग मैच में नीदरलैंड्स के खिलाफ 17 रन से जीत मिली और टीम इंडिया ने लगातार चौथी जीत दर्ज करते हुए शान के साथ सुपर 8 में जगह बनाई। ग्रुप ए की अंकतालिका में भारत पहले स्थान पर रही। नीदरलैंड्स के खिलाफ जीत के बाद इस टीम की जीत के हीरो रहे शिवम दुबे को प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब जरूर मिला, लेकिन वो इम्पैक्ट प्लेयर ऑफ द मैच नहीं बन पाए।

वरुण चक्रवर्ती बने इम्पैक्ट प्लेयर ऑफ द मैच

दरअसल हर मैच के बाद भारतीय ड्रेसिंग रूम में इम्पैक्ट प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब दिया जाता है, लेकिन इसके लिए शिवम दुबे को नहीं चुना गया जो काफी हैरान करने वाला रहा। शिवम ही वो प्लेयर थे जिनकी शानदार बैटिंग की वजह से भारत का स्कोर 193 तक पहुंच पाया और उन्होंने अभिषेक शर्मा और इशान किशन के फेल होने के बाद भारतीय पारी को संभालने का काम किया।

शिवम दुबे ने नीदरलैंड्स के खिलाफ 31 गेंदों पर 66 रन की पारी खेली थी और 212 की स्ट्राइक रेट से ये रन बनाए थे। वहीं जब गेंदबाजी की बारी आई तब शिवम ने वहां भी अच्छा प्रदर्शन किया और 3 ओवर में 35 रन देकर 2 विकेट लिए। शिवम थोड़े मंहगे जरूर रहे, लेकिन 2 अहम विकेट भी लिए। हालांकि वरुण चक्रवर्ती ने काफी अच्छी गेंदबाजी की और उन्होंने 3 ओवर में सिर्फ 14 रन दिए और 3 विकेट हासिल किए।

भारत को मिली लगातार चौथी जीत

आपको बता दें कि इस मैच में भारत ने टॉस जीता था और फिर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। भारत की शुरुआत काफी खराब रही थी, लेकिन इसके बावजूद टीम इंडिया ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 193 रन बनाए। इसके जवाब में नीदरलैंड्स की टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 176 रन बनाए और इस टीम को हार मिली। भारत की ये लगातार चौथी जीत रही और अब टीम इंडिया सुपर 8 में साउथ अफ्रीका, वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे के साथ भिड़ेगी। सुपर 8 में भारत का पहला मैच साउथ अफ्रीका के खिलाफ 22 फरवरी को होगा।

ये खबर भी पढ़ें

AUS W vs IND W: ऑस्ट्रेलिया ने 22 रन पर गंवाए 4 विकेट, अरुंधति ने लिए 2 विकेट; भारत को मिला 164 रन का लक्ष्य