इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में बॉलीवुड एक्ट्रेस प्रीति जिंटा के सह-मालिकाना हक वाली फ्रैंचाइजी पंजाब किंग्स इस सीजन टूर्नामेंट के प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई नहीं कर पाई। आईपीएल 2022 में शिखर धवन भी पंजाब किंग्स का हिस्सा थे। आईपीएल 2022 में पंजाब किंग्स का अभियान खत्म होने के बाद शिखर धवन जब अपने घर पहुंचे तो उन्हें अपने पिता के गुस्से का सामना करना पड़ा।
पिता ने पहले तो शिखर धवन को थप्पड़ लगाए, फिर जमीन पर गिराकर कई लातें भी जमाईं। भारतीय क्रिकेट टीम के धाकड़ ओपनर ने आपबीती का यह वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है। वीडियो में एक व्यक्ति खाकी वर्दी में पुलिस के रूप में दिखा। वीडियो में वह व्यक्ति धवन के पिता को रोकते हुए दिख रहा है। धवन ने वीडियो शेयर कर लिखा, ‘नॉक आउट के लिए क्वालिफाई नहीं कर पाने के कारण मेरे पिताजी ने मुझे पीटा।’
यह खबर पढ़कर आप भी चौंक गए होंगे। हालांकि, घबराने की जरूरत नहीं है, क्योंकि यह सब कुछ मजाक था। शिखर धवन सोशल मीडिया पर काफी एक्टिवर रहते हैं। वह फैंस के लिए अक्सर फनी वीडियो शेयर करते रहते हैं। यह वीडियो भी वैसे ही एक फन का हिस्सा है। इस वीडियो में उनका पूरा परिवार अभिनय करता दिख रहा है। आप भी उस वीडियो को नीचे देख सकते हैं।
वीडियो में धवन के पिता काला चश्मा लगाए हुए है। बैकग्राउंड में फिल्ली डायलाग भी चल रहा है। घरेलू सहायक भी अलग-अलग अंदाज में अपना किरदार निभा रहे हैं। शिखर धवन के इस वीडियो को देखने के बाद पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह, इरफान पठान, यूट्यूबर गौरव कपूर, क्रिकेटर हरप्रीत बराड़, प्रदीप सांगवान, उनमुक्त चंद ने भी गब्बर के खूब मजे लिए।
हरभजन सिंह ने लिखा, ‘बापू तेरे से भी ऊपर का एक्टर निकले… क्या बात है।’ इस पर धवन ने जवाब में लिखा, ‘पक्की गल है पाजी।’ गौरव कपूर ने लिखा, ‘हाहाहाहाहाहाहा फुल परफॉर्मर फैमिली।’ हरप्रीत बराड़ ने लिखा, ‘पाजी पर अंकल फायर हैं।’
आईपीएल 2022 में भले ही शिखर धवन की टीम प्लेऑफ में जगह नहीं बना पाई हो, लेकिन उनका प्रदर्शन शानदार रहा। उन्होंने 14 मैच में 38.33 के औसत और 122.66 के स्ट्राइक रेट से 460 रन बनाए। इसमें उनके 47 चौके, 12 छक्के और 3 अर्धशतक भी शामिल हैं। इस सीजन उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 88 रन रहा। वह इस सीजन सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में छठे नंबर पर हैं। हालांकि, आईपीएल में शानदार प्रदर्शन का उन्हें फायदा नहीं हुआ। साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेली जाने वाली 5 मैच की घरेलू टी20 सीरीज के लिए उन्हें टीम इंडिया में नहीं चुना गया।