T20 World Cup 2026: पाकिस्तान सरकार ने साफ कर दिया कि उनकी नेशनल क्रिकेट टीम टी20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा लेगी, लेकिन भारत के खिलाफ वो नहीं खेलेंगे और इस मैच का बॉयकॉट करेंगे। भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को कोलंबो में मैच खेला जाना है, लेकिन इससे ठीक पहले पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है।
शाहीद अफरीदी ने जताया अफसोस
अब पाकिस्तान सरकार के फैसले पर इस टीम के पूर्व ऑलराउंडर शाहिद अफरीदी ने रिएक्शन दिया। शाहिद अफरीदी का मानना है कि खेल और राजनिती को पूरी तरह से अलग रखना चाहिए और उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ नहीं खेलने के पाकिस्तान के फैसले पर अफसोस जताया। हालांकि उन्होंने अपनी सरकार के फैसले का समर्थन भी किया और आईसीसी से कहा कि इस मामले को निष्पक्ष तरीके से सुलझाया जाए।
शाहिद अफरीदी ने एक्स पर लिखा कि मेरा हमेशा से मानना रहा है कि जब राजनीति दरवाजे बंद करती है तो क्रिकेट उन्हें खोल सकता है। अफसोस है कि पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप में भारत के साथ नहीं खेलेगा, लेकिन मैं अपनी सरकार के फैसले के साथ हूं। यह आईसीसी के लिए आगे बढ़कर फैसलों से ना कि बयानों से ये साबित करने का समय है कि वो निष्पक्ष, स्वतंत्र और हर सदस्य के लिए न्यायपूर्ण है।

आपको बता दें कि भारत के खिलाफ नहीं खेलने के पाकिस्तान सरकार के फैसले के बाद आईसीसी ने रिएक्शन देते हुए कहा था कि अभी उन्हें पीसीबी की तरफ से कोई आधिकारिक तौर पर ऐसी जानकारी नहीं मिली है। वो पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के जवाब का इंतजार कर रहे हैं साथ ही उन्होंने पीसीबी से अपील की है कि वो कोई ऐसा कदम ना उठाएं जिससे क्रिकेट को नुकसान हो क्योंकि पाकिस्तान भी उसका एक हिस्सा है।
