अमेरिका की दिग्गज सेरेना विलियम्स लगभग चार वर्ष तक खेल से दूर रहने के बाद 44 साल की उम्र में आगामी क्वीन्स क्लब टूर्नामेंट से पेशेवर टेनिस में वापसी करेंगी। 23 बार की ग्रैंड स्लैम एकल चैंपियन सेरेना इस ग्रास कोर्ट टूर्नामेंट में युगल वर्ग के जरिए प्रतिस्पर्धी टेनिस में वापसी करेंगी। डब्ल्यूटीए ने सोमवार (1 जून) को घोषणा की कि सेरेना ने टूर्नामेंट में खेलने के लिए वाइल्ड कार्ड स्वीकार कर लिया है।

क्वीन्स क्लब टूर्नामेंट अगले सोमवार (8 जून) से शुरू होगा। हालांकि सेरेना के युगल जोड़ीदार के नाम की घोषणा अभी नहीं की गई है। सेरेना ने पिछली बार 2022 यूएस ओपन में प्रतिस्पर्धी मुकाबला खेला था। उस समय उन्होंने टेनिस को अलविदा कहने की बात तो की थी, लेकिन ‘संन्यास’ शब्द का इस्तेमाल करने से बचते हुए कहा था कि वह टेनिस से आगे बढ़ रही हैं। सेरेना 23 ग्रैंड स्लैम एकल खिताबों के अलावा 14 ग्रैंड स्लैम युगल खिताब भी जीत चुकी हैं।

सेरेना विंबलडन में भी खेल सकती हैं

सेरेना ने फरवरी में प्रतिस्पर्धी टेनिस में वापसी के लिए पात्रता हासिल की थी। इसके लिए उन्होंने छह महीने पहले अनिवार्य डोपिंग रोधी कार्यक्रम में दोबारा पंजीकरण कराया था, जो वापसी की दिशा में पहला कदम माना जाता है। ग्रास कोर्ट पर वापसी के बाद यह अटकलें भी तेज हो गई हैं कि सेरेना विंबलडन में भी खेल सकती हैं, जिसकी शुरुआत 28 जून से होगी। वह विंबलडन में सात बार एकल खिताब जीत चुकी हैं।

बेटी के साथ हार्ड कोर्ट पर अभ्यास करते हुए एक वीडियो शेयर किया था

सेरेना ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर अपनी बेटी के साथ हार्ड कोर्ट पर अभ्यास करते हुए एक वीडियो साझा किया था। उनकी दूसरी बेटी का जन्म 2023 में हुआ था। दिलचस्प बात यह है कि पिछले वर्ष जब उनके डोपिंग परीक्षण पूल में शामिल होने की खबर सामने आई थी, तब उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा था, ‘मैं वापसी नहीं कर रही हूं, यह अफवाह काफी बढ़ गई है।’

वीनस विलियम्स ने ऑस्ट्रेलियन ओपन में वापसी की थी

45 साल की उम्र में वीनस विलियम्स ने ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 में खेलते हुए सबसे उम्रदराज महिला खिलाड़ी बनने रिकॉर्ड अपने नाम किया था। पूरी खबर पढ़ें