सरफराज खान को 2024-25 बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के बाद अचानक टीम से बाहर कर दिया गया था। अब 21 महीने टीम से बाहर रहने के बाद श्रीलंका टेस्ट सीरीज के लिए उनकी टीम में वापसी हुई। चोटिल साई सुदर्शन की जगह सरफराज को टीम में मौका मिला है। हालांकि, कई क्रिकेट एक्सपर्ट्स उनको प्लेइंग 11 में जगह दे रहे हैं, वहीं कई का मानना है कि शायद वह प्लेइंग 11 में नहीं आ पाएंगे। इस पर पूर्व क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन ने एक बड़ा बयान दिया और भारतीय टीम मैनेजमेंट से उन्हें स्पष्टता देने की बात कही है।

भारतीय टीम 15 अगस्त से गॉल में श्रीलंका के खिलाफ सीरीज का पहला मुकाबला खेलेगी। इस मुकाबले के लिए सरफराज खान या ध्रुव जुरेल में से किसी एक को खिलाने की बात क्रिकेट पंडित कह रहे हैं। वहीं रविचंद्रन अश्विन ने इस पर कहा है कि टीम मैनेजमेंट को सरफराज के साथ उनके टीम में भविष्य को लेकर बात करनी चाहिए। उनके इस बात की साफ जानकारी होनी चाहिए कि वह भविष्य के लिए टीम की रणनीतियों का हिस्सा हैं या नहीं।

अश्विन ने सरफराज खान को लेकर क्या कहा?

रविचंद्रन अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर सरफराज खान को लेकर बयान दिया और कहा,”हां, सरफराज खान की वापसी हुई है, लेकिन वह साई सुदर्शन की इंजरी के बाद बतौर रिप्लेसमेंट आए हैं। उनके लिए टीम की तरफ से संदेश मिलना बहुत जरूरी है। अगर आपको लगता है कि वह कुछ परिस्थितियों के लिए खरे नहीं उतरते हैं तो इसके लिए उन्हें स्पष्ट करना होगा। उन्हें यह बताना होगा कि वह भारत के लिए सिर्फ उपमहाद्वीप में ही खेल सकते हैं या नहीं।”

अश्विन ने आगे कहा,”ऐसा होने पर उनका समय नहीं खराब होगा और वह अपने करियर को और आगे ले जाने के लिए अच्छे से स्पिन खेलने पर ध्यान देंगे। उनसे यह बात की जानी चाहिए। आप न्यूजीलैंड के एजाज पटेल को देखिए वह सिर्फ उपमहाद्वीप में खेलते हैं, ऐसे ही साउथ अफ्रीका के साइमन हार्मर हैं, उनको स्पष्टता दी जा चुकी है। ऐसे कई उदाहरण मौजूद हैं।”

सरफराज खान ने भारत के लिए अब तक सिर्फ 6 टेस्ट मैच खेले हैं। 11 पारियों में उनके नाम 37.1 की औसत से 371 रन दर्ज हैं। इस दौरान उन्होंने एक शतक और तीन अर्धशतक लगाए हैं। 150 रन उनका सर्वोच्च स्कोर है। उन्होंने नवंबर 2024 के बाद टीम इंडिया में वापसी की है। अब वह कितने लंबे समय तक टीम के साथ रहते हैं, यह देखने वाली बात होगी।

भारत बनाम श्रीलंका पहला टेस्ट, जानें मैच का समय, लाइव चैनल, पिच रिपोर्ट और स्क्वाड समेत पूरी जानकारी

भारत और श्रीलंका के बीच गॉल में दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला शनिवार 15 अगस्त से खेला जाएगा। इस मैच के समय, स्क्वाड, मौसम, पिच और लाइव चैनल की डिटेल्स समेत पूरी जानकारी दी गई है। क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर