मुंबई ने रणजी ट्रॉफी 2026-27 के चौथे चरण में ग्रुप डी के मुकाबले में रेलवे को 108 रन के बड़े अंतर से हरा दिया। मुंबई के लिए तनषु कोटियान ने जहां शानदार गेंदबाजी की तो वहीं टीम के बल्लेबाजों का प्रदर्शन भी शानदार रहा जिसमें दिव्यांश सक्सेना ने नाबाद शतकीय पारी खेली जबकि सरफराज खान, अंगकृष रघुवंशी, शम्स मुलानी, आकाश आनंद ने टीम के लिए अर्धशतक लगाया।

इस मुकाबले में रेलवे की टीम ने टॉस जीता था और फिर बॉलिंग करने का फैसला किया था जिसके बाद मुंबई ने पहली पारी में 396 रन बनाए जबकि रेलवे ने पहली पारी में 259 रन की पारी खेली। मुंबई को पहली पारी में 137 रन की बढ़त मिली थी और फिर मुंबई ने दूसरी पारी में 4 विकेट पर 234 रन बनाकर पारी की घोषणा कर दी और इस टीम की कुल बढ़त 371 रन की हुई और रेलवे को जीत के लिए 372 रन का टारगेट मिला। रेलवे की टीम दूसरी पारी में 265 रन पर आउट हो गई और उसे हार मिली।

तनुष ने झटके 7 विकेट, सरफराज, शम्स, अंगकृष के अर्धशतक

मुंबई के लिए तनुष कोटियान ने शानदार गेंदबाजी की और पहली पारी में उन्होंने रेलवे के खिलाफ 7 विकेट लिए जबकि दूसरी पारी में उन्होंने 2 सफलता हासिल की। तनुष ने इस मैच में कुल 9 विकेट लिए और टीम की जीत में बड़ी भूमिका निभाई। रेलवे के खिलाफ दूसरी पारी में शम्स मुलानी ने भी मुंबई के लिए 4 विकेट लिए जबकि मुशीर खान को 3 सफलता मिली। तनुष कोटियान को उनकी शानदार गेंदबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

इस मुकाबले में मुंबई के लिए पहली पारी में अंगकृष रघुवंशी ने 78 रन, सरफराज खान ने 55 रन, आकाश आनंद ने 52 रन जबकि शम्स मुलानी ने 71 रन की पारी खेली जबकि कप्तान सिद्धेश लाड ने 47 रन बनाए। वहीं दूसरी पारी में मुंबई के लिए ओपनर दिव्यांश सक्सेना ने 100 रन की नाबाद पारी खेली तो वहीं अंगकृष रघुवंशी ने दूसरी पारी में भी 79 रन बनाए जबकि सरफराज खान 29 रन बनाकर नाबाद रहे। इस मैच में रेलवे के लिए पहली पारी में रवि सिंह ने सर्वाधिक 43 रन बनाए तो वहीं एहसान गोयल ने 103 रन तो वहीं जुबैर अली खान ने 115 रन की शतकीय पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला पाए।

शुभमन गिल नंबर 1, विराट कोहली की टॉप-10 में एंट्री; 2026 में वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले शीर्ष दस बल्लेबाज

विराट कोहली ने कीवी टीम के खिलाफ पहले वनडे मैच में अर्धशतकीय पारी खेली और वो 2026 में वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में टॉप-10 में शामिल हो गए। वहीं भारतीय कप्तान शुभमन गिल टॉप पर बने हुए हैं। (इस खबर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)