सीएसके को आईपीएल 2026 के 11वें लीग मैच में बेशक आरसीबी के हाथों 43 रन से हार मिली, लेकिन चेन्नई के बल्लेबाज सरफराज खान ने जिस तरह से बैटिंग की वो कमाल का था। सरफराज खान ने ये पारी तब खेली जब सीएसके ने अपने पहले 3 विकेट 30 रन पर ही गंवा दिए थे। टीम दवाब में थी, लेकिन सरफराज पूरी तरह से लड़ने के मूड में थे और उन्होंने आरसीबी के गेंदबाजों को परेशान तो जरूर कर दिया।

सरफराज खान ने इस मुकाबले में 25 गेंदों पर 2 छक्के और 8 चौकों की मदद से 50 रन की पारी खेली और उनका स्ट्राइक रेट 200.00 का रहा। सरफराज अगर क्रीज पर कुछ देर और होते तो सीएसके के लिए कुछ अच्छा हो सकता था, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। हालांकि सरफराज ने जो 50 रन की पारी खेली वो पावरप्ले के दौरान आई यानी उन्होंने पहले 6 ओवर के अंदर ही 50 रन बना दिए और रोहित, रहाणे, रैना समेत 8 खिलाड़ियों की बराबरी कर ली।

सरफराज खान ने की 8 खिलाड़ियों की बराबरी

सरफराज ने आरसीबी के खिलाफ पावरप्ले के दौरान 50 रन बनाए और वो पावरप्ले में 50 या उससे ज्यादा बड़ी पारी खेलने वाले 14वें भारतीय खिलाड़ी बने। यही नहीं सरफराज खान ने आईपीएल में पावरप्ले के दौरान पहली बार 50 रन की पारी खेली और उन्होंने सनी सोहल, सुरेश रैना, अजिंक्य रहाणे, प्रभसिमरन सिंह, नितिश राणा, प्रियांश आर्या, करुण नायर और रोहित शर्मा की बराबरी कर ली। इन सभी खिलाड़ियों ने आईपीएल में पावरप्ले के दौरान एक-एक बार 50 या उससे ज्यादा रन की पारी खेली है।

वैभव हैं पहले नंबर पर इशान-यशस्वी के साथ मौजूद

आईपीएल में पावरप्ले में सबसे ज्यादा बार 50 या उससे बड़ी पारी खेलने के मामले में पहले नंबर पर संयुक्त रूप से 5 खिलाड़ी मौजूद हैं। इन खिलाड़ियों में वैभव सूर्यवंशी, इशान किशन, यशस्वी जायसवाल, रिद्धिमान साहा और केएल राहुल मौजूद हैं। इन सभी खिलाड़ियों ने इस लीग में पावरप्ले में 50 या उससे बड़ी पारी खेलने का कमाल 2-2 बार किया है। हालांकि इनमें से 4 खिलाड़ियों के पास लिस्ट में सबसे ऊपर आने का मौका अभी है।

पावरप्ले में सीएसके के लिए सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज

87 रन – सुरेश रैना बनाम पीबीकेएस (2014)
59 रन – मोईन अली बनाम आरआर (2022)
53 रन – अजिंक्य रहाणे बनाम एमआई (2023)
50 रन – ड्वेन स्मिथ बनाम एमआई (2015)
50 रन – सरफराज खान बनाम आरसीबी (2026)

आईपीएल में सबसे ज्यादा 50+ की पारी खेलने वाले टॉप-5 विकेटकीपर; पंत ने की कार्तिक की बराबरी, संजू भी लिस्ट में

लखनऊ के कप्तान ऋषभ पंत ने हैदराबाद के खिलाफ 68 रन की पारी खेली और आईपीएल में बतौर विकेटकीपर सबसे ज्यादा 50 प्लस पारी खेलने के मामले में दिनेश कार्तिक की बराबरी पर आ गए। (इस खबर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)