भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल की शुरुआत कुछ ही घंटों में होने वाली है। उससे पूर्व इस मैच की सबसे रोचक बैटल होने वाली है संजू सैमसन और जोफ्रा आर्चर के बीच। दरअसल सैमसन टीम इंडिया को पिछले मुकाबले में जीत दिलाकर आए हैं। उन्होंने 50 गेंद पर 97 रन की नाबाद पारी खेलते हुए भारत को सेमीफाइनल में पहुंचाया था। अब उनके सामने सेमीफाइनल होगी इंग्लैंड के पेसर जोफ्रा आर्चर की चुनौती। संजू का आर्चर के सामने रिकॉर्ड कुछ खास नहीं है।

कैसे हैं आर्चर के खिलाफ संजू सैमसन के आंकड़े?

संजू सैमसन के जोफ्रा आर्चर के खिलाफ आंकड़ों की बात करें तो यह टीम इंडिया की चिंता को बढ़ा सकते हैं। ऐसा तब और हो सकता है जब वानखेड़े में सेमीफाइनल मैच के लिए तेज गेंदबाजों की मददगार पिच मिलने की चर्चा है। इसलिए इस बैटल की चर्चा चारों ओर है। पिछले साल जब भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 सीरीज हुई थी, तो सैमसन लगातार आर्चर के खिलाफ परेशानी में नजर आए थे।

जोफ्रा आर्चर ने संजू सैमसन को पांच में से तीन पारियों में अपना शिकार बनाया है। जबकि पांच पारियों में सैमसन इंग्लिश गेंदबाज की सिर्फ 23 गेंद ही खेल पाए हैं और उनके बल्ले से मात्र 25 रन निकले हैं। यानी आर्चर का पलड़ा आंकड़ों में तो संजू पर भारी लग रहा है। हालिया फॉर्म की बात करें तो उसमें आंकड़े दोनों खिलाड़ियों के पक्ष में हैं।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में कैसा रहा दोनों का प्रदर्शन?

जोफ्रा आर्चर ने इस वर्ल्ड कप में अभी तक इंग्लैंड के लिए अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने कुल 7 मैचों में 10 विकेट लिए हैं। वहीं वेस्टइंडीज और नेपाल के खिलाफ छोड़कर हर मैच में उन्होंने 9 की इकॉनमी से अंदर ही रन दिए हैं। उन्होंने कुल मिलाकर शुरुआती ओवर्स में बल्लेबाजों पर अच्छा दबाव बनाया है।

जबकि संजू सैमसन ने मौजूदा टी20 वर्ल्ड कप में सिर्फ तीन मैच ही खेले हैं। तीन पारियों में उनके बल्ले से 143 रन निकले हैं। संजू ने वेस्टइंडीज के खिलाफ सुपर 8 के आखिरी मैच जो वर्चुअल क्वार्टरफाइन बन गया था, उसमें भारत को 97 रन की बेहतरीन पारी खेलते हुए सेमीफाइनल का टिकट दिलवाया था। ऐसे में अब भारतीय फैंस की उम्मीदें हैं कि सेमीफाइनल में वह आर्चर समेत सभी इंग्लिश गेंदबाजों की खबर लें और अपने उसी फॉर्म को जारी रखें।

यह भी पढ़ें- IND vs ENG: वानखेड़े की पिच है या ग्रीन फील्ड? सेमीफाइनल से पहले मुंबई में बढ़ा पारा, कोच गौतम गंभीर भी दिखे नाखुश
यह भी पढ़ें- IND vs ENG: अभिषेक शर्मा की जगह पक्की, सेमीफाइनल से पहले बॉलिंग कोच ने दिया हिंट; याद दिलाई 135 रन की पारी