भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में 7 फरवरी से शुरू हो रहे टी20 वर्ल्ड कप से पहले टीम इंडिया के संजू सैमसन का फॉर्म चिंता का विषय बन चुका है। न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 टी20 मैचों की सीरीज के 4 मुकाबलों में संजू का बल्ला एकदम शांत रहा। शुरुआती तीन मैचों में तो संजू डबल डिजीट का स्कोर भी नहीं कर पाए तो वहीं चौथे टी20 में वह 24 रन ही बना पाए थे। सीरीज के आखिरी मुकाबले में अब उनका खेलना मुश्किल नजर आ रहा है, लेकिन अभी भी कई सीनियर खिलाड़ी ऐसे हैं जो संजू के सपोर्ट में हैं। उन्हीं में से एक हैं सुरेश रैना जिन्होंने संजू पर भरोसा जताए रखने की बात कही है।

‘वर्ल्ड कप में शतक लगा सकते हैं संजू’

सुरेश रैना ने संजू का समर्थन करते हुए कहा है कि आगामी टी20 वर्ल्ड कप में अगर भारत की ओर से कोई शतक लगा सकता है तो मुझे संजू सैमसन ही वह खिलाड़ी नजर आता है। बता दें कि टी20 वर्ल्ड कप में भारत के लिए शतक सिर्फ सुरेश रैना ने ही लगाया है। वह ऐसा करने वाले इकलौते भारतीय खिलाड़ी हैं। रैना ने कहा है कि संजू इस टी20 विश्व कप में सेंचुरी लगा सकते हैं।

T20 वर्ल्ड कप फाइनल में भारत का किससे होगा सामना, पूर्व भारतीय बैटिंग कोच समेत इन खिलाड़ियों ने की भविष्यवाणी

टी20 में तीन सेंचुरी लगा चुके हैं संजू

सुरेश रैना ने कहा है कि उन्हें पूरी उम्मीद है कि संजू टी20 वर्ल्ड कप में जरूर शतक लगाएंगे और अभिषेक शर्मा के साथ पारी की शुरुआत भी करते दिखेंगे। सैमसन ने अब तक खेले गए 55 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में भारत के लिए तीन सेंचुरी बनाई हैं। रैना ने कहा है कि संजू पहले भी इस फॉर्मेट में दो शतक लगा चुके हैं और उसमें से एक शतक दक्षिण अफ्रीका में लगाया है।

चौथे टी20 में इशान को किया गया था ड्रॉप

बता दें कि न्यूजीलैंड के खिलाफ संजू सैमसन चारों मैचों में फ्लॉप रहे। पहले टी20 में 10, दूसरे में 6, तीसरे 0 और चौथे टी20 में उन्होंने 24 रन की पारी खेली थी। अब पांचवें टी20 में संजू को ड्रॉप किए जाने की चर्चा जोरो पर है। चौथे टी20 में संजू को प्लेइंग इलेवन में भी रखा गया था और उन्हें अभिषेक के साथ ओपनिंग पर ही भेजा गया था। इशान किशन को बाहर बिठाया गया था, लेकिन अब आखिरी टी20 मे संजू को बाहर कर इशान खिलाए जाने की चर्चा है।