टी20 वर्ल्ड कप 2026 का समापन हो चुका है और भारत ने तीसरी बार चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। न्यूजीलैंड ने शानदार खेल दिखाते हुए फाइनल में जगह बनाई थी, लेकिन अहम मुकाबले में उसकी भारत के सामने एक नहीं चला और इस टीम को उप-विजेता के रूप में संतोष करना पड़ा। इस वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने वाले टीमों के कई खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन बात अगर इस वर्ल्ड कप की बेस्ट प्लेइंग 11 की हो तो इसमें किन खिलाड़ियों को जगह मिल सकती है आइए जानते हैं।
संजू सैमसन-साहिबजादा फरहान ओपनर
हमने टी20 वर्ल्ड कप 2026 की बेस्ट प्लेइंग इलेवन में उन खिलाड़ियों को शामिल किया है जिनका प्रदर्शन शानदार रहा और उन्होंने अपनी काबिलियत दिखाई। इस टीम में सबसे पहले ओपनर की बात करते हैं तो इसके लिए सबसे परफेक्ट पाकिस्तान के खिलाड़ी साबिहजादा फरहान और संजू सैमसन दिख रहे हैं। फरहान ने इस सीजन में 2 शतक के साथ सबसे ज्यादा 383 रन बनाए जबकि संजू ने बतौर ओपनर सिर्फ 5 मैचों में 321 रन बनाकर भारत की जीत के हीरो रहे साथ ही प्लेयर ऑफ द सीरीज भी रहे।
इशान किशन नंबर 3
वैसे ओपनर के लिए अन्य कई खिलाड़ी जरूर दावेदार रहे, लेकिन इन दोनों के सामने अन्य कोई खिलाड़ी टिकता तो नहीं दिख रहा। इस टूर्नामेंट की बेस्ट प्लेइंग इलेवन में तीसरे नंबर के लिए सबसे परफेक्स इशान किशन रहे जिन्होंने निरंतरता के साथ बैटिंग की और फाइनल में भी अहम अर्धशतक लगाया। इशान ने 9 मैचों में 317 रन बनाए और सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बैटर्स की लिस्ट में चौथे स्थान पर रहे। हालांकि वो भारत की तरफ से दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बैटर रहे।
सूर्यकुमार यादव कप्तान
इस टीम में चौथे नंबर पर सूर्यकुमार यादव हैं जिन्होंने बतौर कप्तान भारत को चैंपियन बनाया और वो इस टीम के कप्तान भी हैं। सूर्यकुमार फाइनल में नहीं चले, लेकिन उनकी कप्तानी तारीफ के काबिल रही। सूर्या ने पूरे टूर्नामेंट में 9 मैचों में 242 रन बनाए। पांचवें नंबर पर वेस्टइंडीज के हिटर शिमरोन हेटमायर हैं जिन्होंने अपनी टीम के लिए लगातार रन बनाए और 7 मैचों में उनके बल्ले से 248 रन निकले। हेटमायर से आप तीसरे, चौथे, पांचवें नंबर पर बैटिंग करवा सकते हैं और वो बेहद खतरनाक हैं।
हार्दिक, अक्षर, यानसेन, सैंटनर ऑलराउंडर
टी20 वर्ल्ड कप की बेस्ट प्लेइंग इलेवन में बतौर ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, मार्को यानसेन और मिचेल सैंटनर हैं। इनमें से हार्दिक और यानसेन खतरनाक बैटर होने के साथ-साथ तेज गेंदबाजी विकल्प उपलब्ध करवाते हैं तो वहीं अक्षर पटेल और मिचेल सैंटनर बेहतरीन स्पिनर होने के साथ-साथ स्पिन विकल्प भी देते हैं। इन सभी का प्रदर्शन इस टी20 वर्ल्ड कप में शानदार रहा है। इस टीम में बतौर तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह मौजूद हैं जिन्होंने सबसे ज्यादा 14 विकेट लिए तो वहीं बतौर स्पिनर वरुण चक्रवर्ती हैं जिन्होंने बुमराह जितने ही यानी कुल 14 विकेट हासिल किए।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 की बेस्ट प्लेइंग 11
संजू सैमसन (बैटर-विकेटकीपर), साहिबजादा फरहान (बैटर), इशान किशन (बैटर), सूर्यकुमार यादव (कप्तान-बैटर), शिमरोन हेटमायर (बैटर), हार्दिक पंड्या (ऑलराउंडर), अक्षर पटेल (ऑलराउंडर), मार्को यानसेन (ऑलराउंडर), मिचेल सैंटनर (ऑलराउंडर), जसप्रीत बुमराह (तेज गेंदबाज), वरुण चक्रवर्ती (स्पिनर)।
ये खबरें भी पढ़ें- टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सबसे ज्यादा छक्के; संजू सैमसन रहे नंबर 1, टॉप 5 बैटर्स में तीन भारतीय शामिल
