आईसीसी द्वारा टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बाद टीम ऑफ द टूर्नामेंट चुनी गई है। आईसीसी ने अपनी इस खास टीम में 11 प्रमुख खिलाड़ी और एक 12वें खिलाड़ी को चुना है। इस टीम में कप्तान साउथ अफ्रीका के एडेन मार्कराम को बनाया गया है। वहीं भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव को इसमें जगह नहीं मिली है। संजू सैमसन को बतौर ओपनर और विकेटकीपर चुना गया है। साथ ही इशान भी इस टीम का हिस्सा हैं।

आईसीसी की इस टीम ऑफ द टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा चार विश्व विजेता भारतीय खिलाड़ी शामिल हैं। वहीं इसके अलावा दो-दो खिलाड़ी साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड के इस टीम में शामिल हैं। पाकिस्तान, जिम्बाब्वे, वेस्टइंडीज के एक-एक खिलाड़ी को इस टीम में आईसीसी ने शामिल किया है। रनर अप न्यूजीलैंड का कोई भी खिलाड़ी शामिल नहीं है।

पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान जो लीडिंग रन स्कोरर रहे, उन्हें संजू के साथी ओपनर के तौर पर चुना गया है। इशान किशन नंबर 3 पर टीम में शामिल हैं। इशान भी चौथे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। टूर्नामेंट के ग्रुप स्टेज में शानदार गेंदबाजी करने वाले यूएसए के शैडली शान शाल्कविक को भी 12वें खिलाड़ी के तौर पर जगह मिली है।

भारत के चार कौन-कौन से खिलाड़ी शामिल?

आईसीसी द्वारा टी20 वर्ल्ड कप 2026 में प्रदर्शन के लिहाज से चुनी गई टीम ऑफ द टूर्नामेंट में भारत के चार खिलाड़ी शामिल हैं। संजू सैमसन और इशान किशन के साथ हार्दिक पंड्या और जसप्रीत बुमराह को इस टीम में जगह मिली है। जिम्बाब्वे की टीम ने इस बार सभी को प्रभावित किया और ब्लेसिंग मुजरबानी को भी इस टीम में जगह मिली।

ये है आईसीसी द्वारा चुनी गई टीम ऑफ द टूर्नामेंट

साहिबजादा फरहान, संजू सैमसन (विकेटकीपर), इशान किशन, एडेन मार्कराम (कप्तान), हार्दिक पंड्या, विल जैक्स, जेसन होल्डर, जसप्रीत बुमराह, लुंगी एनगिडी, आदिल रशीद, ब्लेसिंग मुजरबानी, शैडली शान शाल्कविक (12वें खिलाड़ी)।

यह भी पढ़ें- टीम इंडिया की अगली टी20 सीरीज कब और किस टीम के साथ? जानें विश्व विजेताओं का पूरा शेड्यूल
यह भी पढ़ें- IND vs NZ: अगर 3 घंटे का टी20 विश्व कप फाइनल नहीं देख पाए तो 11 पॉइंट्स में जानिए पूरे मैच का सार