IND vs NZ: भारतीय क्रिकेट टीम के लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल इन दिनों भारत बनाम न्यूजीलैंड टी20 सीरीज में कमेंटेटर की भूमिका में नजर आ रहे हैं। चहल ने इस टी20 सीरीज के पहले 4 मैचों में लगातार फेल होने वाले भारतीय ओपनर संजू सैमसन को लेकर अपनी राय दी। उन्होंने कहा कि इस विकेटकीपर-बल्लेबाज के लगातार कम स्कोर बनाने के लिए दवाब को बहाना नहीं बनाना चाहिए।

संजू सैमसन ने चौथे टी20 में शुरुआत तो ठीक की, लेकिन मिचेल सैंटनर की एक साधारण गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए। संजू के पास बड़ा स्कोर करने का मौका था, लेकिन वो चूक गए। इसके बाद उनकी बैटिंग फॉर्म साथ ही उनकी बल्लेबाजी की तकनीक पर भी सवाल उठ रहे हैं। चहल ने कहा कि संजू सैमसन जैसे अनुभवी खिलाड़ी को ऐसी स्थितियों को बेहतर तरीके से संभालना चाहिए।

संजू को मिले काफी मौके

भारतीय स्पिनर चहल ने इस बात पर जोर दिया कि न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के दौरान संजू को अपनी काबिलियत दिखाने के काफी मौके मिले, लेकिन वो सफल नहीं हो पाए। चहल ने साफ किया कि बार-बार की नाकामी को मानसिक दवाब कहकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता, खासकर ऐसे खिलाड़ी के लिए जो एक दशक से ज्यादा समय से इंटरनेशनल क्रिकेट का हिस्सा रहा हो।

IND vs NZ: श्रेयस अय्यर को खिलाते तो क्या बिगड़ जाता, अत्यधिक प्रयोग और अड़ियल रवैये से भारत ने गंवाया चौथा मैच

संजू नहीं उठा पाए मिले मौके का फायदा

चहल ने जियो हॉटस्टार पर कहा कि संजू कई साल से खेल रहे हैं और आईपीएल में उन्होंने मिलिड ऑर्डर में शुरुआत की थी और फिर ओपनर बने। 10-12 साल इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने के बाद प्रेशर कोई बहाना नहीं होना चाहिए। उन्हें इस सीरीज में चार मौके मिले हैं। मैं एक या दो मैचों में फेलियर मान सकता हूं, लेकिन तीन या चार में नहीं। उन्हें पता है कि ईशान किशन जैसा खिलाड़ी जो टीम में उनके बैकअप के रूप में मौजूद है और नंबर 3 पर अच्छी बैटिंग कर रहा है और इंतजार कर रहा है। संजू खुद को दोष देंगे क्योंकि उन्हें चार मौके मिले और वो उसका फायदा नहीं उठा पाए।

T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत को बेस्ट प्लेइंग 11 चुनने में होगी कैसी परेशानी, रोहित शर्मा ने समझाया पूरा गणित

इशान को ओपन करने का देना चाहिए मौका

चहल ने आगे कहा कि हालांकि ज्यादा बुरा महसूस करने की जरूरत नहीं है क्योंकि टी20 वर्ल्ड कप में अभी कुछ समय है और न्यूजीलैंड के खिलाफ एक मैच और है। अब ये टीम मैनेजमेंट की सोच पर निर्भर करता है और अगर उन्हें लगता है कि संजू सैमसन ओपनर के तौर पर संघर्ष कर रहे हैं और ईशान नंबर तीन पर अच्छा कर रहे हैं तो सही फैसला यही होगा कि संजू को बाहर बिठाया जाए और ईशान किशन को फाइनल टी20 मैच में कीवी के खिलाफ बतौर ओपनर और विकेटकीपर टीम में जगह दी जाए।