आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 में शानदार प्रदर्शन के चलते भारत के संजू सैमसन को मार्च महीने के लिए आईसीसी मेंस प्लेयर ऑफ द मंथ चुना गया है। संजू सैमसन को इस प्रतियोगिता के शुरुआती मैचों में अंतिम एकादश में जगह नहीं मिली थी। बाद में संजू सैमसन को जब टीम में शामिल किया गया तो उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया।
संजू सैमसन ने फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ 46 गेंद में 89 रन बनाकर भारत को इस साल की शुरुआत में लगातार दूसरी बार टी20 विश्व कप का खिताब जिताने में मदद की थी। संजू सैमसन को यह सम्मान मिलने का मतलब है कि पिछले पांच महीनों में यह अवॉर्ड अलग-अलग देशों के खिलाड़ियों के नाम रहा है। इस सूची में पिछले चार खिलाड़ी साइमन हार्मर (दक्षिण अफ्रीका), मिचेल स्टार्क (ऑस्ट्रेलिया), डेरिल मिचेल (न्यूजीलैंड) और साहिबजादा फरहान (पाकिस्तान) हैं।
आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के शुरुआती दौर में प्लेइंग इलेवन का नियमित हिस्सा नहीं होने के बावजूद संजू सैमसन को आखिरकार भारत के लिए ‘करो या मरो’ वाले सुपर 8 मैचों के लिए बुलाया गया। 26 फरवरी को जिम्बाब्वे के खिलाफ 24 रन बनाकर शुरुआत करने के बाद संजू सैमसन ने अपनी लय पकड़ ली और फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा। एक मार्च को वेस्टइंडीज के खिलाफ वह सिर्फ तीन रन से शतक बनाने से चूक गए, लेकिन पारी ने भारत के लिए सेमीफाइनल में जगह पक्की कर दी।
ICC का पुरस्कार मिलना अविश्वसनीय अहसास: संजू सैमसन
संजू सैमसन ने इस प्रदर्शन को अपने करियर का महत्वपूर्ण दौर करार दिया। संजू सैमसन ने कहा, ‘‘आईसीसी का महीने का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार हासिल करना अविश्वसनीय अहसास है, विशेषकर इसलिए क्योंकि यह मेरे क्रिकेट करियर के सबसे अविस्मरणीय दौर में मिला है। पुरुष टी20 विश्व कप में भारत की जीत में योगदान देना एक सपने के साकार होने जैसा था और उस पल के महत्व को पूरी तरह समझने में मुझे कुछ समय लगा।’’
संजू सैमसन ने कहा, ‘‘भारतीय क्रिकेट के लिए यह एक रोमांचक दौर है, जिसमें हर क्षेत्र में अपार प्रतिभा मौजूद है। मुझे जो अवसर मिले उनके लिए मैं आभारी हूं। मैं टीम के साथियों और कोचिंग स्टाफ का मुझ पर भरोसा दिखाने के लिए आभारी हूं जिसके कारण मैं अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर पाया।’’
संजू सैमसन ने टी20 विश्व कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ 89 रन बनाने से पहले वेस्टइंडीज के खिलाफ नाबाद 97 और इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में 89 रन बनाए थे। संजू सैमसन ने टी20 विश्व कप के तीन मुकाबलों में 137.50 के औसत और 199.27 के स्ट्राइक रेट से 275 रन बनाए थे।
संजू पहली बार ICC प्लेयर ऑफ द मंथ
संजू सैमसन को पहली बार आईसीसी का महीने का सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी का सम्मान मिला है। न्यूजीलैंड की कप्तान मेली केर ने जिम्बाब्वे और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शानदार प्रदर्शन के बाद महिला वर्ग में तीसरी बार यह पुरस्कार हासिल किया। उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैच की वनडे शृंखला में 16 विकेट लेने के अलावा 140 रन भी बनाए।
मंदिर में प्रार्थना, मां के आंसू, बहन की पढ़ाई: फिल्मी है नागपुर के प्रफुल हिंगे की कहानी
मंदिर में प्रार्थना, मां की आंखों में आंसू और बहन की रात-भर पढ़ाई, इन सबके बीच प्रफुल हिंगे ने IPL डेब्यू में इतिहास रच दिया। नागपुर के इस तेज गेंदबाज की कहानी दिल छू लेने वाली है। प्रफुल हिंगे की पूरी कहानी पढ़ने के लिए क्लिक करें।
