न्यूजीलैंड के खिलाफ पांचवें और आखिरी टी20 मैच के लिए भारतीय टीम तिरुवनंतपुरम पहुंच गई है। यहां ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच सीरीज का आखिरी मुकाबला 31 जनवरी को खेला जाएगा। तिरुवनंतपुरम भारतीय टीम के ओपनर बल्लेबाज संजू सैमसन का होम ग्राउंड है। इस हिसाब से उनका एयरपोर्ट पर ग्रैंड वेलकम हुआ। संजू के फैंस एयरपोर्ट पर उन्हें देखने के लिए पहुंचे, लेकिन जैसे ही संजू एयरपोर्ट से बाहर आए तो लोगों ने ऐसा नजारा देखा कि लोग अपनी हंसी नहीं रोक पाए। दरअसल, एयरपोर्ट पर संजू को सूर्यकुमार यादव ने एक VIP ट्रीटमेंट दिया।

एयरपोर्ट पर सूर्या ने की संजू संग मस्ती

BCCI ने एक वीडियो शेयर किया है जिसमें सूर्यकुमार यादव एयरपोर्ट के अंदर से लेकर बाहर तक संजू के बॉडीगार्ड बनते हैं। वीडियो में सूर्या को कहते हुए सुना जा सकता है, “कृपया रास्ता दें, चेट्टा (मलयालम में बड़े भाई) को परेशान न करें। कोई फोटो क्लिक नहीं करेगा। रास्ता दीजिए-रास्ता दीजिए।” सूर्या के इस ट्रीटमेंट को देखकर खुद संजू भी अपनी हंसी को नहीं रोक पाए। इस दौरान सूर्या ने संजू से सवाल किया कि‘गॉड्स ओन कंट्री’ में आकर कैसा लग रहा है? इसके जवाब में सैमसन ने कहा कि यहां आकर हमेशा अच्छा लगता है लेकिन इस बार यहां आना स्पेशल है।

आखिरी टी20 में संजू को मिलेगा मौका

वीडियो के आखिर में जैसे ही संजू सैमसन एयरपोर्ट से बाहर निकलते हैं उन्हें देखकर उनके फैंस जोर से हूटिंग शुरू कर देते हैं। यह वीडियो क्रिकेट फैंस को काफी पसंद आया है। साथ ही सूर्यकुमार यादव का अंदाज भी फैंस को भा गया। टीम इंडिया शनिवार को जब न्यूजीलैंड के खिलाफ मैदान पर उतरेगी तो हर किसी की निगाहें संजू पर ही रहेंगी क्योंकि यह उनका लोकल ग्राउंड है और ऐसे में उन्हें इस मैंच में खिलाए जाने की संभावना बहुत अधिक है। पिछले 4 मैचों में संजू के बल्ले से सिर्फ 40 रन निकले हैं।