आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 में शानदार प्रदर्शन कर प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बने संजू सैमसन अपनी बल्लेबाजी के साथ-साथ एक भावुक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर भी चर्चा में हैं। टी20 विश्व कप जीत के जश्न के बीच संजू सैमसन ने नौ मार्च 2026 को इंस्टाग्राम पर पत्नी चारुलता रमेश के लिए दिल छू लेने वाला संदेश साझा किया। इसमें उन्होंने जीवन के हर उतार-चढ़ाव में साथ देने और क्रिकेट के प्रति अपने जुनून को समझने के लिए उनका खास तौर पर धन्यवाद किया।
संजू सैमसन ने पत्नी चारुलता के साथ अपनी तस्वीरें शेयर करते हुए इंस्टाग्राम पर लिखा, ‘जिस दिन से मैं तुमसे मिला, मेरे जीवन के इस दिन तक…!! मेरे साथ रहने, मुझे वैसे ही प्यार करने और मेरे प्रति बिल्कुल सच्चे और ईमानदार रहने के लिए तुम्हारा बहुत-बहुत धन्यवाद। चाहे मैं बाहरी दुनिया के लिए कुछ भी था..। तुमने मेरा सबसे अच्छा समय देखा, मेरा सबसे बुरा समय देखा, तुमने सब कुछ देखा और फिर भी मेरे साथ मजबूती से खड़ी रही..!!’
संजू सैमसन ने आगे लिखा, ‘मेरे जीवन में क्रिकेट कितना बड़ा है, यह समझने और इसे खुद के लिए भी वैसा ही बनाने के लिए तुम्हारा धन्यवाद..। …और तुमने उसी जुनून और तीव्रता के साथ कामना की और सपना देखा जैसा मैंने इस पल के लिए किया था..। मेरी प्यारी पोंडत्तीीीीीीीीी….. का बहुत-बहुत धन्यवाद।’ संजू सैमसन की पोस्ट पर भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मजेदार कमेंट किया। सूर्यकुमार यादव ने लिखा, ‘चीता और चीचीीीीीी।’ इसके बाद उन्होंने रेड हार्ट वाली इमोजी भी पोस्ट की।
केरल के तिरुवनंतपुरम जिले में विझिंजम के पास एक तटीय गांव पुल्लुविला में एक मलयाली ईसाई परिवार में 11 नवंबर 1994 को जन्में संजू सैमसन ने 2018 में गर्लफ्रेंड चारुलता रमेश से शादी की थी। चारुलता रमेश हिंदू हैं और मूल रूप से तिरुवनंतपुरम की ही रहने वाली हैं। संजू और चारुलता की मुलाकात मार इवानियोस कॉलेज में हुई थी। शादी कोवलम में एक निजी समारोह में हुई थी। उनका विवाह विशेष विवाह अधिनियम के तहत पंजीकृत किया गया।
